बेटी के शव पर बेसुध हुई मां दीपिका पांडेय: तृषा सिंह की अंतिम यात्रा निकली, भारी बारिश के बीच सीठियो श्मशान घाट ले जाया गया पार्थिव शरीर; सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
Mother Deepika Pandey collapsed in grief over her daughter's body; Trisha Singh's final journey took place, and her mortal remains were taken to the Seethio cremation ground amidst heavy rain; CM Hemant Soren paid his tributes.

रांची: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए रांची के धुर्वा स्थित सीठियो श्मशान घाट ले जाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास से तृषा की अंतिम यात्रा निकली। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक, नेता और अधिकारी अंतिम विदाई देने के लिए मौजूद रहे। माहौल बेहद गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से तृषा को अंतिम विदाई दी। शव पहले मंत्री दीपिका पांडेय के आवास पर आया। बेटी के शव को देखते ही मंत्री दीपिका पांडेय बेसुध हो गयी। किसी तरह से पास खड़ी महिलाओं ने उन्हें संभाला।
स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास से निकली अंतिम यात्रा
जमशेदपुर में सड़क हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची लाया गया था। इसके बाद शव को स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास पर रखा गया, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन किए।परिवार के सदस्य महगामा और जमशेदपुर से रांची पहुंचे। मंत्री आवास पर लगातार लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने तृषा के अंतिम दर्शन कर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
तृषा सिंह के निधन की खबर के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री के अलावा मंत्री आनंद अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, विधायक अनूप सिंह और विधायक सुरेश बैठा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने भी तृषा सिंह को अंतिम विदाई दी। वहीं कैबिनेट सचिव वंदना दादेल और कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने मंत्री आवास पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और श्रद्धांजलि अर्पित की।
जमशेदपुर में सड़क हादसे में हुई थी चार युवाओं की मौत
तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।घटना के बाद राहत और बचाव दल ने क्षतिग्रस्त कार से चारों शवों को बाहर निकाला। शवों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई थी। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची लाया गया।
सीठियो श्मशान घाट में होगा अंतिम संस्कार
तृषा सिंह का अंतिम संस्कार रांची के धुर्वा स्थित सीठियो श्मशान घाट में किया जाएगा। अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को मंत्री आवास से श्मशान घाट ले जाया जा रहा है।भारी बारिश के बीच भी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। परिवार के साथ मौजूद लोगों के चेहरे पर गम साफ नजर आया। तृषा के निधन से परिवार, परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।पुलिस हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है।











