झारखंड: ज्वेलर्स के परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट, हथियारबंद लूटेरों ने मचाया तांडव, मुंह पर बांध रखा था कपड़ा

सरायकेला-खरसावां। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बस स्टैंड के पास स्थित एक घर में शुक्रवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया। बदमाश पूर्व आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के परिवार को बंधक बनाकर लाखों के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
हथियारों के बल पर परिवार को बनाया बंधक
पीड़ित के पुत्र उमंग चौधरी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब एक बजे 7 से 8 की संख्या में हथियारबंद नकाबपोश बदमाश मुख्य रास्ते से उनके घर में घुसे। अपराधियों के पास बंदूक और अन्य खतरनाक हथियार थे। बदमाशों ने हथियारों का भय दिखाकर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
पहचान छिपाने के लिए बांठे थे गमछे
घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों ने अपने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल, लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत का आधिकारिक आकलन नहीं किया जा सका है।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की बेहद गंभीरता से जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान सुनिश्चित करने और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए सभी पहलुओं पर बारीकी से छानबीन की जा रही है।











