झारखंड-वेतन पर बड़ी खबर: आज या कल तक NHM और आउटसोर्स कर्मियों का वेतन होगा भुगतान, राज्य सरकार ने जारी किया स्पष्ट निर्देश

रांची। झारखंड में स्वास्थ्यकर्मियों के वेतन से जुड़ी एक बड़ी अपडेट है। आज या कल तक में स्वास्थ्यकर्मियों को वेतन मिल जायेगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसे लेकर अहम निर्देश जारी किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए दुर्गापूजा में राहत भरी खबर आयी है। राज्य सरकार ने दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों से पहले कर्मचारियों के बकाया मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने सभी जिलों को 16 सितंबर महीने तक के बकाया मानदेय का भुगतान पूरा करने को कहा है।इस संबंध में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जिलों में मानदेय भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि त्योहार से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में राशि पहुंच जानी चाहिए।
16 अक्टूबर तक भुगतान पूरा करने का निर्देश
आज हुई समीक्षा बैठक के दौरान विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने सभी जिलों से आउटसोर्स कर्मियों और NHM कर्मचारियों के मानदेय भुगतान की अद्यतन जानकारी ली। इस दौरान कई जिलों के अधिकारियों ने बताया कि जुलाई और अगस्त महीने तक के मानदेय का भुगतान किया जा चुका है।
इसके बाद विशेष सचिव ने निर्देश दिया कि सितंबर महीने तक के सभी बकाया मानदेय का भुगतान 16 अक्टूबर तक सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें समय पर उनकी मेहनत की राशि मिलनी चाहिए।
राशि की कमी होने पर विभाग को भेजें प्रस्ताव
विशेष सचिव ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी जिले में मानदेय भुगतान के लिए अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल विभाग को इसकी मांग भेजें। विभाग की ओर से आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी जिलों को प्राथमिकता के आधार पर लंबित भुगतान पूरा करने और इसकी स्थिति की निगरानी करने को कहा गया है।
सहियाओं के 12 हजार रुपये के मानदेय की होगी समीक्षा
बैठक में सहियाओं के मानदेय भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। विशेष सचिव ने सभी जिलों से स्पष्ट रिपोर्ट मांगी कि सहियाओं को 12 हजार रुपये का मानदेय मिला है या नहीं।इसके लिए संबंधित अधिकारियों को भुगतान का विवरण और भुगतान पत्रक भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि कितनी सहियाओं को राशि मिल चुकी है और कहां भुगतान लंबित है।
बैठक में ये अधिकारी रहे शामिल
मानदेय भुगतान की समीक्षा के लिए आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में NHM के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, विभाग के संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल और सभी जिलों के सिविल सर्जन शामिल हुए।
बैठक में सभी जिलों को निर्देश दिया गया कि वे मानदेय भुगतान की प्रक्रिया को प्राथमिकता दें और निर्धारित समयसीमा के भीतर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करें।
त्योहार से पहले भुगतान पर सरकार का जोर
झारखंड सरकार का जोर है कि NHM कर्मचारियों, आउटसोर्स कर्मियों और सहियाओं को उनका मानदेय समय पर मिले। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जहां भी राशि की कमी है, वहां से तत्काल मांग भेजी जाए, ताकि भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित न हो।
अब सभी जिलों के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर भुगतान पूरा करने और सहियाओं के मानदेय की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, भुगतान पूरा होने की पुष्टि संबंधित जिलों की रिपोर्ट और कर्मचारियों के बैंक खातों में राशि जमा होने के बाद ही होगी।












