मेले में हुआ प्यार, घर से भागकर की शादी; फिर 9 महीने में ही दुल्हन की हो गयी मौत, नाराज मायकेवालों ने ससुराल के दरवाजे पर जलाया दुल्हन का शव

Crime News : एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भागकर लव मैरिज करने वाली गुंजा की शादी के नौ महीने के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद जब गुंजा का शव गांव पहुंचा, तो आक्रोशित परिजनों ने ससुराल के दरवाजे पर ही दुल्हन का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के राजवाड़ा डीह गांव का है। मृतका के पिता रंजीत पासवान ने अपने दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गुंजा कुमारी कांटी निवासी रंजीत पासवान की पुत्री थी। परिजनों के मुताबिक, वर्ष 2024 में झपहां के पास सिमराहा चतुर्भुज गांव में आयोजित रुद्र महायज्ञ के मेले के दौरान उसकी मुलाकात कुंदन कुमार से हुई थी। मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और वे घर से भागकर शादी कर ली। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार 23 जनवरी 2026 को उनका औपचारिक विवाह संपन्न हुआ था।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका की मां मंजू देवी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। पति गुंजा के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना करता था। करीब तीन महीने पहले गुंजा मायके भी लौट आई थी, जिसे बाद में पंचायत के फैसले के बाद वापस ससुराल भेजा गया था। परिजनों के अनुसार, धनतेरस के मौके पर दहेज का सामान देने की तैयारी चल रही थी, इसी बीच उसकी मौत की खबर आ गई।
मामा छोटू कुमार ने बताया कि रात करीब 12 बजे वार्ड सदस्य के जरिए उन्हें गुंजा की मौत की सूचना मिली और यह भी बताया गया कि ससुराल वाले जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की फिराक में हैं। जब मायके वाले मौके पर पहुंचे, तो गुंजा का शव कमरे के बेड पर पड़ा था और उसके गले पर निशान दिखाई दे रहे थे।
ससुराल के दरवाजे पर किया अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो वहां कोई भी ससुराल पक्ष का सदस्य मौजूद नहीं था और न ही श्मशान घाट की जानकारी देने वाला कोई मिला। इसके बाद व्यथित पिता रंजीत पासवान ने अपनी बेटी का अंतिम संस्कार उसके ससुराल (पलटन पासवान के दरवाजे) पर ही कर दिया। पिता का कहना था कि दुख की इस घड़ी में उन्हें किसी का साथ नहीं मिला और सभी आरोपी घर छोड़कर फरार थे।
पति समेत चार लोगों पर FIR और FSL जांच
मृतका के परिजनों ने पुलिस को आवेदन देकर पति कुंदन कुमार, उसके भाई चंदन पासवान, बहन प्रियंका देवी और भाभी सुलेखा देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। मुशहरी थाना अध्यक्ष सुबोध मेहता ने बताया कि लिखित आवेदन के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












