वाह! बोनस हो तो ऐसा….कारोबारी ने कर्मचारियों को दिया ऐसा बोनस, नोटों की गड्डियों से भरी थाली और गिफ्ट, इतना पैसा देख कर्मचारी भी रोने लगे…

Surat Viral Video: दिवाली पर आपने मिठाई के डिब्बे, कपड़े और गिफ्ट हैम्पर मिलते तो खूब देखे होंगे, लेकिन क्या कभी किसी मालिक को अपने कर्मचारियों के सामने नोटों से भरी थालियां सजाकर रखते देखा है? गुजरात के सूरत में एक कपड़ा कारोबारी ने ऐसा ही कुछ कर दिखाया कि कर्मचारी तो हैरान हुए ही, सोशल मीडिया पर भी इस दरियादिली की चर्चा होने लगी।
कारोबारी ने अपने 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से ज्यादा का नकद बोनस दिया। खास बात यह रही कि लाखों रुपये किसी लिफाफे में नहीं, बल्कि नोटों की गड्डियों से सजी बड़ी-बड़ी पूजा की थालियों में रखकर दिए गए। जब कर्मचारियों के सामने ये थालियां पहुंचीं तो किसी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, तो किसी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
नोटों की थाली देखकर कर्मचारियों की आंखें रह गईं खुली की खुली!
यह पूरा मामला गुजरात के सूरत के वराछा इलाके का है। यहां सुदामा चौक स्थित महादेव क्लॉथ सेंटर के मालिक रामस्वरूप मुंडे ने दिवाली से पहले अपने कर्मचारियों को ऐसा बोनस दिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
उन्होंने 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नए नोटों के बंडल मंगवाए। इन नोटों को चमचमाती पूजा की थालियों में बेहद खास अंदाज में सजाया गया। इसके बाद कारोबारी की पत्नी ने एक-एक करके कर्मचारियों को एक लाख रुपये से अधिक की नकद राशि भेंट की।जैसे ही कर्मचारियों के सामने नोटों से भरी थालियां पहुंचीं, वहां का माहौल ही बदल गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि दिवाली बोनस में इतनी बड़ी रकम मिलने वाली है।
लाखों का बोनस देखकर छलक पड़े आंसू, मालिक के छूने लगे पैर
आमतौर पर दिवाली पर कर्मचारियों को कुछ हजार रुपये का बोनस, मिठाई या गिफ्ट दिया जाता है। लेकिन यहां तो मालिक ने बोनस के नाम पर लाखों रुपये की सौगात दे दी।
इतनी बड़ी रकम देखकर कई कर्मचारी भावुक हो गए। कुछ की आंखों में खुशी के आंसू आ गए, तो कुछ ने कारोबारी और उनकी पत्नी के पैर छूकर आभार जताया। नोटों से सजी विशाल थालियां इस पूरे आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण रहीं।इस अनोखे बोनस वितरण का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग कारोबारी की दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
‘कर्मचारी नहीं, परिवार के सदस्य हैं’
रामस्वरूप मुंडे का कहना है कि उनके यहां काम करने वाले लोग केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं। सालभर उनकी मेहनत और लगन से ही कारोबार आगे बढ़ता है।उनका मानना है कि जब कर्मचारी पूरे साल कारोबार को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देते हैं, तो त्योहार के मौके पर उनकी खुशियों का ध्यान रखना भी मालिक की जिम्मेदारी है।इसी सोच के साथ उन्होंने कर्मचारियों को यह खास बोनस दिया, ताकि वे अपने परिवार के साथ दिवाली की खरीदारी कर सकें और त्योहार को खुशी से मना सकें।
राजस्थान से नाता, सूरत में कारोबार और दरियादिली की चर्चा
रामस्वरूप मुंडे मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले के रहने वाले बताए जाते हैं। उन्होंने गुजरात के सूरत को अपनी कर्मभूमि बनाया और यहां कपड़ा कारोबार से पहचान बनाई।अब कर्मचारियों को लाखों रुपये का बोनस देने का उनका अंदाज चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें आधुनिक भामाशाह बताते हुए उनकी तारीफ कर रहे हैं।











