8 महीने से नहीं मिली सैलरी तो कटोरा लेकर धरने पर बैठ गईं महिला अधिकारी! प्रशासन में मचा हड़कंप, आनन फानन में बकाया वेतन ऐसे हुआ भुगतान
8 महीने से वेतन नहीं मिलने पर कटोरा लेकर बैठीं RDO अल्पिता सिंह, बक्सर में BDO से जवाब तलब

Salary News: सैलरी के अभाव में न सिर्फ कर्मी बल्कि अधिकारी भी परेशान है। मामला इस हद तक बढ़ जाती है अपने ही कार्यालय के सामने धरने पर बैठने को मजबूर होते है।तब जाकर अधिकारियों की नींद टूटती है। ऐसा ही एक मामला बक्सर जिले से सरकारी व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है।
यहां अपनी ही सैलरी के लिए एक महिला सरकारी अधिकारी को हाथ में कटोरा लेकर दफ्तर के बाहर धरने पर बैठना पड़ा। ब्रह्मपुर प्रखंड में तैनात ग्रामीण विकास पदाधिकारी अल्पिता सिंह का आरोप था कि उन्हें पिछले आठ महीने से वेतन नहीं मिला है। आखिरकार दो दिनों तक कटोरा लेकर विरोध जताने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और उनका बकाया वेतन जारी कर दिया गया।
11 महीने की नौकरी में सिर्फ 3 महीने का वेतन
रिपोर्ट के मुताबिक, अल्पिता सिंह का कहना था कि करीब 11 महीने की सेवा अवधि में उन्हें महज तीन महीने का वेतन मिला है। पिछले आठ महीने से भुगतान लंबित था। कई बार अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने ब्रह्मपुर प्रखंड कार्यालय के बाहर कटोरा लेकर धरना शुरू कर दिया।
BDO से मांगा गया स्पष्टीकरण
महिला अधिकारी के विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बक्सर जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। प्रशासन ने ब्रह्मपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से स्पष्टीकरण मांगा है। उनसे पूछा गया है कि वेतन भुगतान में देरी क्यों हुई और इसके पीछे क्या कारण थे।
BDO ने भी रखी अपनी दलील
दूसरी तरफ BDO सोनू कुमार का कहना है कि ग्रामीण विकास पदाधिकारी का वेतन रोकने या जारी करने का अधिकार उनके पास नहीं है। उनके अनुसार, कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर विवरण कोषागार भेजा जाता है और उसी आधार पर वेतन भुगतान होता है। उन्होंने महिला अधिकारी की अनुपस्थिति और बायोमेट्रिक हाजिरी दर्ज नहीं होने की बात भी कही है।












