साढ़े चार घंटे की मैराथन कैबिनेट: JSSC CGL रद्द होने के ऐलान के बाद बदला आंदोलन स्थल का माहौल, खुशी से छलकी छात्रों की आंखें
Four-and-a-half-hour marathon cabinet meeting: Atmosphere at the protest site shifts after the announcement of the JSSC CGL cancellation; students moved to tears of joy.

रांची: रांची में पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे JSSC CGL अभ्यर्थियों के लिए सोमवार का दिन भावुक कर देने वाला रहा। सरकार की ओर से JSSC CGL परीक्षा और उसके परिणाम को रद्द करने की घोषणा होते ही आंदोलन स्थल का माहौल पूरी तरह बदल गया।
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों को जैसे ही सरकार के फैसले की जानकारी मिली, कई छात्र भावुक हो गए। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। छात्रों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और सरकार के फैसले का स्वागत किया।
साढ़े चार घंटे की बैठक के बाद आया फैसला
छात्र पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे थे। सोमवार को उनकी मांगों को लेकर प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में करीब साढ़े चार घंटे तक मैराथन बैठक हुई।
बैठक शाम करीब 4:30 बजे शुरू हुई और रात लगभग 9 बजे समाप्त हुई। इसमें छात्रों की मांगों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JSSC CGL परीक्षा और उसके परिणाम को रद्द करने की घोषणा की। इसके साथ ही TDPL की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं को भी रद्द करने का निर्णय लिया गया।
सरकार के फैसले के बाद आंदोलन स्थल पर छात्रों ने जश्न मनाया। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई।












