झारखंड: राजधानी के कई इलाकों मे आज रहेगी बिजली गुल, बिजली विभाग ने बताया, कब-कब कहां-कहां रहेगी बिजली कट, पढ़िये जरूरी खबर…
Jharkhand: Power Outages Expected in Several Areas of the Capital Today; Electricity Department Announces Schedule—Read This Important Update.

राजधानी रांची के कई इलाकों में आज बिजली गुल रहेगी। 1 अप्रैल को शहर के कई इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बाधित होगी । विभाग ने लोगों से पहले से तैयारी करने की अपील की है।
________________________________________
रांची: रांची शहर के कई इलाकों में 1 अप्रैल 2026 को बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी। यह व्यवधान केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आरडीएसएस योजना (RDSS) के तहत किए जा रहे मरम्मत और उन्नयन कार्यों के कारण होगा। बिजली विभाग ने इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से पहले से तैयारी करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की है।
इस बाबत बिजली विभाग के अनुसार, डोरंडा अवर प्रमंडल के अंतर्गत शुक्ला कॉलोनी स्थित महादेव अपार्टमेंट के पास तार बदलने के लिए नए पोल लगाए जाएंगे। इस कार्य के चलते शुक्ला कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विभाग का कहना है कि यह कार्य क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को और बेहतर एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
वहीं, लालपुर अवर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले संतन्ना गली और ऑरकिड हॉस्पिटल के आसपास के क्षेत्रों में भी आरडीएसएस योजना के तहत सुधार कार्य किया जाएगा। यहां सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान लाइन मेंटेनेंस और अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे, जिससे भविष्य में होने वाली तकनीकी समस्याओं को रोका जा सके।
उसी तरह से, तुपुदाना अवर प्रमंडल के अंतर्गत भी बड़े पैमाने पर कार्य किया जाना है। यहां एलटी लाइन के पुराने और नंगे तारों को हटाकर सुरक्षित केबल लगाए जाएंगे। साथ ही 11 केवी लाइन के पास पेड़ों की बढ़ी हुई डालियों की कटाई भी की जाएगी, ताकि लाइन में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस कार्य के चलते सिंह मोड़ फीडर से जुड़े विकास नगर, प्रेम नगर, चोरिया टोली और हनुमान नगर क्षेत्रों में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह सभी कार्य उपभोक्ताओं को बेहतर और सुरक्षित बिजली सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित समय के अनुसार अपने दैनिक कार्यों की योजना बनाएं और किसी भी असुविधा से बचने के लिए आवश्यक तैयारी पहले से कर लें।









