रेलवे का नया नियम : अब यात्रा के दौरान दिखाना होगा ऑरिजनल पहचान पत्र, इन ट्रेनों के लिए लागू किया गया नियम
New railway rule: Passengers will now have to show original identity proof during their journey; the rule has been implemented for these trains.

भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। ट्रेनों में अब पहचान पत्र सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। बिना वैध ID के यात्रा करने पर सख्त कार्रवाई होगी। रेलवे के इस नियम से यात्रियों को काफी सतर्क रहना होगा।
________________________________________
Indian Rail New Rule : भारतीय रेलवे ने रेल यात्रा के नियमों को और कड़ा कर दिया है। रेलवे बोर्ड ने 4 फरवरी 2026 को सभी जोनल रेलवे को एक अहम पत्र जारी किया है। रेलवे मंत्रालय ने अपने आदेश में साफ किया है कि बांग्लादेश और नेपाल से सटे सीमावर्ती इलाकों में चलने वाली रिजर्व ट्रेनों में पहचान पत्र (ID) सत्यापन को अनिवार्य कर दिया है। इस फैसले का मकसद अवैध आवाजाही, फर्जी टिकटिंग और सुरक्षा से जुड़ी संभावित खतरों पर प्रभावी रोक लगाना है।
रेलवे बोर्ड का स्पष्ट आदेश
जारी की गयी अधिसूचना मे निर्देश दिए गए हैं कि रिजर्व क्लास में यात्रा करने वाले यात्रियों के समूह में कम से कम एक यात्री के पास मूल (ओरिजिनल) पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा। जांच के दौरान यदि कोई भी वैध पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो पूरे समूह को बिना टिकट यात्रा करने वाला माना जाएगा। ऐसी स्थिति में रेलवे अधिनियम के तहत जुर्माना, टिकट रद्द करने या अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
किन क्षेत्रों में लागू होगी यह सख्ती
रेलवे बोर्ड ने 6 फरवरी 2026 को जारी एक अन्य सर्कुलर में स्पष्ट किया है कि यह नियम विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्रों में सख्ती से लागू किया जाएगा। इसमें भारत-नेपाल और भारत-बांग्लादेश सीमा से जुड़े सभी प्रमुख रेलवे रूट्स शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में यात्रियों की पहचान सुनिश्चित करना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद जरूरी है, क्योंकि इन इलाकों में अवैध घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका अधिक रहती है।
कंसेशन और कोटा टिकट पर भी कड़ी नजर
रेलवे ने सिर्फ सामान्य यात्रियों के लिए ही नहीं, बल्कि कंसेशन (छूट) और विशेष कोटा के तहत यात्रा करने वालों के लिए भी नियम सख्त कर दिए हैं। सीनियर सिटीजन, स्टूडेंट, दिव्यांग या अन्य किसी विशेष श्रेणी के तहत टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को अपनी पात्रता साबित करने वाले वैध दस्तावेज दिखाने होंगे। अगर कोई यात्री अपनी पहचान या पात्रता साबित नहीं कर पाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
यात्रा के दौरान कौन-कौन से ID मान्य होंगे
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैध पहचान पत्रों की एक सूची पहले से तय कर रखी है। रिजर्व टिकट पर यात्रा करते समय यात्री इनमें से कोई एक मूल पहचान पत्र साथ रख सकते हैं—वोटर फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी फोटो ID, मान्यता प्राप्त स्कूल या कॉलेज का स्टूडेंट ID कार्ड, राष्ट्रीयकृत बैंक की फोटोयुक्त पासबुक और आधार कार्ड। इन दस्तावेजों में से कोई भी एक मूल रूप में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे के इस नए फैसले के बाद यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। खासकर वे यात्री जो सीमा क्षेत्रों से होकर यात्रा करते हैं, उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके पास मूल पहचान पत्र जरूर हो। जांच के दौरान ID न मिलने पर न सिर्फ जुर्माना लगाया जा सकता है, बल्कि यात्रा भी रद्द की जा सकती है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित व सुगम यात्रा में सहयोग दें।








