यौन शोषण की शिकायत के दो दिन बाद 23 वर्षीय शिक्षिका ने घर में लगाई फांसी, पहले से शादीशुदा आरोपी स्कूल संचालक गिरफ्तार
पटना में 23 वर्षीय शिक्षिका ने की आत्महत्या, यौन शोषण के आरोपी स्कूल संचालक गिरफ्त

Teacher News: यौन शोषण मामले में अब स्कूल शिक्षिका भी सुरक्षित नहीं है।ऐसा ही एक मामला सामने आया है जब 3 साल से हो रहे यौन शोषण की शिकायत करने के महज 2 दिन बाद शिक्षिका ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
मामला बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा इलाके की है जब 23 वर्षीय महिला शिक्षिका की आत्महत्या से सनसनी फैल गई है। युवती ने सोमवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना से महज दो दिन पहले ही उसने एक निजी स्कूल के संचालक के खिलाफ शादी का झांसा देकर तीन साल तक यौन शोषण करने की शिकायत दर्ज कराई थी।
3 साल तक यौन शोषण करने का लगाया था आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतका बिहटा के एक गांव की रहने वाली थी और स्थानीय निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम करती थी। आरोप है कि स्कूल संचालक देव कुमार मेहता (45) ने उसे शादी का भरोसा दिलाया था। युवती का आरोप था कि आरोपी ने मंदिर में शादी करने का दिखावा किया, लेकिन इस रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया।
जानकारी मिली कि जब युवती ने कोर्ट मैरिज करने का दबाव बनाया तो उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। इसके बाद युवती ने 21 नवंबर को बिहटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोपी स्कूल संचालक गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 नवंबर को आरोपी स्कूल संचालक देव कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस जांच के बीच शिक्षिका ने उठाया आत्मघाती कदम
रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार को युवती की मेडिकल जांच होनी थी। इसी बीच पुलिस को उसके घर में आत्महत्या की सूचना मिली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवती ने अपनी शिकायत में यह भी लिखा था कि वह गरीब परिवार से आती है और अपने छोटे भाई के साथ रहकर स्कूल में पढ़ाती थी। उसे आशंका थी कि समाज में बदनामी के बाद उससे कोई शादी नहीं करेगा।












