दुष्कर्म पीड़िता शिक्षिका ने की आत्महत्या: सोमवार को होना था कोर्ट में बयान, स्कूल संचालक जा चुका था जेल
Bihar Teacher Suicide Case: दुष्कर्म पीड़िता 23 वर्षीय शिक्षिका ने आत्महत्या कर ली। सोमवार को कोर्ट में बयान और मेडिकल जांच होनी थी। आरोपी स्कूल संचालक पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका था।

Teacher News। रेप पीड़िता शिक्षिका ने आत्महत्या कर ली है। कोर्ट में बयान के पहले शिक्षिका ने ये आत्मघाती कदम उठाया है। मामला बिहार के पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के मठिया टोला गांव का है, जहां दुष्कर्म पीड़िता 23 वर्षीय शिक्षिका ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल भेज दिया।
मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान से पहले घटना
पुलिस के अनुसार, शिक्षिका की शिकायत पर 21 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था और आरोपी स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। सोमवार को पीड़िता की मेडिकल जांच और अदालत में बयान दर्ज होना था। इसी प्रक्रिया के तहत जब पुलिस की टीम उसके घर पहुंची, तो शिक्षिका अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली।
सुबह साथ खाया था खाना, फिर सोने चली गई थी
मृतका के छोटे भाई ने बताया कि उनकी मां का निधन कई साल पहले हो चुका है और पिता अहमदाबाद में काम करते हैं, जिसके चलते घर में दोनों भाई-बहन रहते थे। भाई के मुताबिक, शिक्षिका तीन साल से एक निजी स्कूल में पढ़ा रही थी। घटना वाले दिन सुबह दोनों ने साथ में खाना खाया और इसके बाद वह सोने चली गई। कुछ देर बाद जब भाई उसे जगाने के लिए कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर गया, तो उसका शव फंदे से लटका मिला।
शादी का झांसा देकर तीन साल से शोषण का आरोप
मामले को लेकर दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि 21 नवंबर को बिहटा के एक निजी स्कूल की 23 वर्षीय शिक्षिका ने अपने स्कूल संचालक पर तीन साल से शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी संचालक को 22 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











