CM हेमंत सोरेन पहुंचे नेमरा, दादा शहीद सोबरन मांझी के 69वें शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि, बोले- पुरखों के संघर्ष को व्यर्थ नहीं जाने देंगे

रामगढ़। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रामगढ़ जिले के नेमरा पहुंचे, जहां उन्होंने अपने दादा अमर शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नेमरा के लुकैयाटांड़ में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने पुरखों के संघर्ष, बलिदान और झारखंड आंदोलन की विरासत को याद किया।
आज रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में मेरे दादा जी – अमर शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) जी के 69वें शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने का अवसर मिला। यह मेरे लिए केवल एक श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि उस संघर्ष, साहस और स्वाभिमान को स्मरण करने का दिन है, जिसकी नींव पर आज का झारखंड खड़ा है।
शहीद सोबरन मांझी जी की शहादत ने अन्याय और सामंती शोषण के विरुद्ध संघर्ष की जो चिंगारी जलाई, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी ने जन-आंदोलन का स्वरूप दिया। इसी संघर्ष की विरासत ने झारखंड राज्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। आज हम जो कुछ भी हैं, वह हमारे पुरखों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
एक समय था जब आदिवासी-मूलवासी समाज को अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं था। आज उसी समाज के लोग पूरे स्वाभिमान और निर्भीकता के साथ अपनी आवाज उठा रहे हैं। यह बदलाव हमारे शहीदों के सपनों और उनके संघर्षों की देन है। मैं मानता हूं कि शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके सपनों का झारखंड बनाएंगे।
हमारी सरकार गांव-देहात से लेकर शहरों तक हर वर्ग को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज राज्य की लगभग 50 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह ₹2,500 की सम्मान राशि दी जा रही है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार की खुशहाली में अपनी भूमिका और मजबूत कर सकें।
ये खबर भी पढ़ें…हमारे सामने चुनौतियां हैं। अपने अधिकारों और संसाधनों की रक्षा के लिए हमें लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। लेकिन झारखंड ने कभी अन्याय के सामने घुटने नहीं टेके हैं। जिस तरह लंबा संघर्ष कर हमने अलग राज्य हासिल किया, उसी तरह अपने हक और अधिकार भी लेकर रहेंगे। अब झारखंड के लोगों का शोषण और उनके अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
आज की नई पीढ़ी से मेरी अपील है कि वह अपने इतिहास, अपने शहीदों और अपने पुरखों के संघर्ष को जाने। उनकी विरासत को केवल याद न रखे, बल्कि उसे आगे बढ़ाने का संकल्प भी ले।
शहीद सोबरन मांझी जी का बलिदान हमारी प्रेरणा है, उनका संघर्ष हमारी विरासत है और उनके सपनों का झारखंड बनाना हमारा संकल्प है।
जोहार।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 27, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि उस संघर्ष, साहस और स्वाभिमान को याद करने का दिन है, जिसकी नींव पर आज का झारखंड खड़ा है।
दादा की शहादत को किया याद, झारखंड आंदोलन का किया जिक्र
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा कि शहीद सोबरन मांझी की शहादत ने अन्याय और सामंती शोषण के खिलाफ संघर्ष की जो चिंगारी जलाई थी, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जन आंदोलन का स्वरूप दिया। इसी संघर्ष की विरासत ने झारखंड राज्य के निर्माण का रास्ता तैयार किया।
उन्होंने कहा कि आज झारखंड जिन उपलब्धियों और पहचान के साथ खड़ा है, वह पुरखों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।
‘शहीदों के सपनों का झारखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था, जब आदिवासी-मूलवासी समाज को अपनी बात रखने तक का अधिकार नहीं था। आज उसी समाज के लोग पूरे स्वाभिमान और निर्भीकता के साथ अपनी आवाज उठा रहे हैं। यह बदलाव शहीदों के सपनों और उनके संघर्षों की देन है।
उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके सपनों का झारखंड बनाया जाएगा।
50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-देहात से लेकर शहरों तक हर वर्ग को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य की लगभग 50 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की खुशहाली में अपनी भूमिका मजबूत कर सकें।
‘झारखंड ने कभी अन्याय के सामने घुटने नहीं टेके’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पोस्ट में राज्य के अधिकारों और संसाधनों की रक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड के सामने कई चुनौतियां हैं और अपने अधिकारों तथा संसाधनों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह लंबे संघर्ष के बाद अलग झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह राज्य अपने हक और अधिकार भी लेकर रहेगा। अब झारखंड के लोगों का शोषण और उनके अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
नई पीढ़ी से अपने इतिहास को जानने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं और नई पीढ़ी से अपील की कि वे अपने इतिहास, शहीदों और पुरखों के संघर्ष को जानें। उनकी विरासत को केवल याद रखने के बजाय उसे आगे बढ़ाने का संकल्प भी लें।
उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि शहीद सोबरन मांझी का बलिदान प्रेरणा है, उनका संघर्ष विरासत है और उनके सपनों का झारखंड बनाना ही संकल्प है।












