झारखंड : दुल्हन की फोटो देखकर भड़क गया इंजीनियर दूल्हा, शादी से गाड़ी लेकर हुआ फरार! लेकिन, बाराती पहुंच गये दुल्हन के घर, फिर बारातियों के साथ हो गया कांड
गोड्डा के महागामा में दुल्हन की फोटो देखकर दूल्हे के नाराज होने की बात सामने आई। दूल्हा गाड़ी लेकर गायब हुआ तो लड़की पक्ष ने 90 बारातियों को रोक लिया।

Godda News: शादी का मंडप सज चुका था, पकवान तैयार थे, बाराती भी पहुंच गए थे और दुल्हन सात फेरों का इंतजार कर रही थी। लेकिन तभी कहानी में ऐसा ट्विस्ट आया कि सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं! रास्ते में दुल्हन की फोटो क्या दिखाई गई, दूल्हे मियां का मूड ही बदल गया।
बताया जाता है कि फोटो देखते ही उनका पारा चढ़ गया और उन्होंने शादी के मंडप तक पहुंचने के बजाय गाड़ी दूसरी दिशा में दौड़ा दी। इधर दूल्हा गायब और उधर बारात दुल्हन के दरवाजे पर! फिर क्या था, लड़की वालों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। करीब 90 बारातियों को रोक लिया गया। आखिरकार शादी का मामला थाने पहुंचा और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। यह अनोखा शादी ड्रामा झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा का है।
दुल्हन की फोटो देखते ही बदल गया दूल्हे का मूड!
जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार निवासी सेवानिवृत्त पंचायत सचिव बालेश्वर शर्मा के बेटे विश्वजीत शर्मा की शादी महागामा निवासी शिक्षक विंदेश्वरी शर्मा की बेटी से तय हुई थी। विश्वजीत कनीय अभियंता हैं।गुरुवार को बालेश्वर शर्मा करीब 90 बारातियों के साथ कई वाहनों से महागामा पहुंचे थे। बताया जाता है कि रास्ते में दुल्हन की कथित तस्वीर दिखाई गई। तस्वीर देखने के बाद दूल्हा नाराज हो गया और अपनी गाड़ी लेकर दूसरी दिशा में चला गया।
दूल्हा गायब, दुल्हन के घर पहुंच गई बारात
इधर, बारात दुल्हन के घर पहुंच गई, लेकिन दूल्हे के नहीं आने से वहां अफरातफरी मच गई। लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे का इंतजार किया और उसे मनाने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी।शादी के लिए लड़की पक्ष ने भव्य पंडाल सजाया था। बारातियों के स्वागत के लिए खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की गई थी। वर पक्ष की मांग के अनुसार दहेज का सामान भी दिया गया था। ऐसे में शादी के दिन दूल्हे के गायब होने से लड़की पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए।
90 बारातियों को रोका, पुलिस के पहुंचने पर हुआ हंगामा शांत
दूल्हे के अचानक गायब होने से नाराज लड़की पक्ष के लोगों ने करीब 90 बारातियों को रोक लिया। मामला बढ़ने पर महागामा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वर पक्ष के लोगों को थाने ले गई।थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर चला। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बारातियों को मुक्त कराया गया।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।शादी की खुशियों के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। दुल्हन की तस्वीर देखने के बाद दूल्हे के नाराज होकर चले जाने की वजह से एक शादी समारोह हंगामे में बदल गया।












