झारखंड: दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने वाले पति को 14 साल की सजा, 8 लाख लेने के बाद भी मांग रहा था 5 लाख रुपये
कोडरमा में 8 लाख रुपये दहेज मिलने के बाद भी 5 लाख की अतिरिक्त मांग और पत्नी की हत्या के मामले में पति रोहित सोनार को अदालत ने 14 साल की सजा सुनाई।

Jharkhand Crime News: झारखंड के कोडरमा में दहेज हत्या के एक मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। शादी के महज कुछ महीने बाद ही पत्नी से पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने और उसकी हत्या के मामले में आरोपी पति को 14 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय राकेश चंद्रा की अदालत ने आरोपी रोहित सोनार (30) को दोषी करार देते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर उसे तीन महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
8 लाख रुपये दहेज मिलने के बाद भी नहीं भरा मन, मांगने लगा 5 लाख और
यह मामला कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के रायडीह गांव का है। अदालत में सुनवाई के दौरान सामने आए तथ्यों के अनुसार, रोहित सोनार की शादी 12 मार्च 2024 को पूर्णिमा के साथ हुई थी। शादी में लड़की के मायके वालों ने दहेज के रूप में आठ लाख रुपये दिए थे।लेकिन आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष की ओर से पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर पूर्णिमा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। परिवार और अन्य लोगों की ओर से कई बार समझौता कराने की कोशिश भी हुई, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
5 अगस्त 2024 को हुई थी पूर्णिमा की हत्या
मामले में पूर्णिमा की मां राधिका देवी ने नवलशाही थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि 5 अगस्त 2024 को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई।
इस संबंध में पुलिस ने थाना कांड संख्या 37/2024 दर्ज किया था। पुलिस जांच के बाद मामला अदालत पहुंचा और एसटी-118/2024 के तहत सुनवाई हुई।
गवाहों और सबूतों के आधार पर पति को दोषी ठहराया
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक प्रवीण कुमार सिंह ने पैरवी की। उन्होंने अदालत के सामने गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत किए। अभियोजन पक्ष ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को अधिकतम सजा देने की मांग की।वहीं, बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता रीतम कुमारी ने अपना पक्ष रखा।दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और गवाहों एवं साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने रोहित सोनार को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत दोषी करार दिया।
14 साल की सश्रम कैद, 25 हजार रुपये का जुर्माना
अदालत ने आरोपी रोहित सोनार को 14 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना जमा नहीं करने की स्थिति में आरोपी को तीन महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।अदालत के इस फैसले के बाद दहेज हत्या के इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ है।












