Jharkhand News: नवजात बेटी को देखने जा रहे पिता की दर्दनाक मौत, सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई स्कूटी, अस्पताल जाने के लिए निकला था पिता

चाईबासा। घर में दो दिन पहले दूसरी संतान के जन्म की खुशियां आई थीं, लेकिन परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। अपनी नवजात बेटी को अस्पताल में देखने जा रहे 30 वर्षीय सूरज विरुआ की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह दर्दनाक घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम तुईवीर पंचायत भवन के पास हुई। सूरज अपनी नवजात बेटी की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद उसे देखने चाईबासा सदर अस्पताल जा रहे थे।
दो दिन पहले बने थे दूसरी बार पिता, बेटी अस्पताल में भर्ती
मंझारी प्रखंड के सेरेनगडीह गांव निवासी सूरज विरुआ गुजरात में मजदूरी करते थे। वर्ष 2022 में उनकी शादी हुई थी। दो दिन पहले ही उनके घर दूसरी संतान के रूप में बेटी का जन्म हुआ था।जन्म के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे चाईबासा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेटी को देखने की बेचैनी में सूरज स्कूटी लेकर अस्पताल के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने उनकी जान ले ली।
मोड़ पर खड़े ट्रेलर से जा टकराई स्कूटी
जानकारी के अनुसार, तुईवीर पंचायत भवन के समीप सड़क पर एक ट्रेलर खड़ा था। इसी दौरान सूरज की स्कूटी मोड़ के पास ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से लौट रहे परिजनों को रास्ते में मिली क्षतिग्रस्त स्कूटी
हादसे की जानकारी परिवार को बेहद दर्दनाक तरीके से मिली। सूरज के परिजन भी अस्पताल में नवजात बच्ची को देखने के बाद गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें सड़क पर सूरज की क्षतिग्रस्त स्कूटी दिखाई दी।स्कूटी पहचानते ही परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर उन्हें दुर्घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
हादसे के बाद परिजनों ने ट्रेलर चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि ट्रेलर किसी तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था, तो उसके पीछे इंडिकेटर, चेतावनी संकेत या अन्य सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए थी।परिजनों के मुताबिक, सड़क के मोड़ पर बिना किसी चेतावनी संकेत के ट्रेलर खड़ा होने से पीछे से आने वाले वाहन चालकों को समय रहते इसकी जानकारी नहीं मिल पाई।












