झारखंड- यै कैसे मां-बाप: अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म व गर्भपात कराने मामले में मां-पिता दोषी करार, 30 नवंबर को सुनाई जायेगी सजा
रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के जघन्य मामले में पॉक्सो विशेष अदालत ने जन्म से नेत्रहीन बेटी के यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने के मामले में माता-पिता को दोषी ठहराया है। सजा पर अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी।

रांची। अपनी ही बेटी के साथ हैवानियत करने वाले पिता व साथ देने वाली मां का अब कोर्ट में हिसाब होगा। दोनों को कोर्ट ने दोषी करार दिया गया है। इंसानियत और पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले इस बेहद संवेदनशील और जघन्य मामले में पॉक्सो (POCSO) की विशेष अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए जन्म से नेत्रहीन बेटी के यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने के मामले में पिता और मां को दोषी करार दिया है। विशेष न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए अदालत ने 30 नवंबर की तारीख मुकर्रर की है। सुनवाई के दौरान जेल में बंद दोनों दोषियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष पेश किया गया।
यह है पूरा शर्मनाक मामला
यह गंभीर मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां 1 जुलाई 2025 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।पीड़िता ने अपनी शिकायत में जो आपबीती सुनाई, उसने पूरे समाज और न्याय व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया। जन्म से नेत्रहीन होने के बावजूद जिस घर में उसे सबसे अधिक सुरक्षा और सहारा मिलना चाहिए था, वहीं उसके साथ वर्षों तक अमानवीय व्यवहार किया गया। शिकायत के अनुसार, पिता और भाइयों ने कई वर्षों तक उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई।
गर्भ छिपाने के लिए मां ने कराई अमानवीय हरकत
मामले में केवल हैवानियत ही नहीं, बल्कि अपराध को छिपाने की निर्मम कोशिश भी सामने आई। आरोप है कि बेटी के गर्भवती होने के बाद मां ने कांके के बोड़िया स्थित चंद्रा अस्पताल में उसका जबरन गर्भपात करा दिया। बरियातू थाना पुलिस ने मामले की गहन जांच पूरी करने के बाद आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर फैसला
अदालत में सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के परीक्षण के आधार पर विशेष न्यायाधीश ने पिता और मां को दोषी ठहराया। वहीं, मामले में शामिल भाई के नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ अलग से चिल्ड्रेन कोर्ट में सुनवाई चल रही है।जिस कोख और जिस साये ने जीवन और संरक्षण का वचन दिया, उसी के भीतर एक दिव्यांग बेटी के साथ हुए इस क्रूरतापूर्ण व्यवहार ने सामाजिक संवेदनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें 30 नवंबर को होने वाली सजा की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत दोषियों को उनके कृत्य की सजा सुनाएगी।









