रांची : डॉक्टर-स्टाफ से मरीजों के परिजनों की मारपीट, युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा भड़का,
Ranchi: Patients' relatives assaulted doctors and staff; anger flared up among the family members following the death of a young man.

रांची: रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के ट्रॉमा सेंटर में सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान ट्रॉमा सेंटर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार मांडर थाना क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय पंकज सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए रिम्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद आर्थोपेडिक्स विभाग में भर्ती किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे।
इलाज में लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप था कि मरीज को समय पर उचित इलाज नहीं मिला और उसकी गंभीर स्थिति के बावजूद आवश्यक देखभाल नहीं की गई। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि घायल युवक को पानी तक नहीं दिया गया।आक्रोशित लोगों ने ट्रॉमा सेंटर परिसर में हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। हंगामे के कारण करीब एक घंटे तक ट्रॉमा सेंटर में गंभीर मरीजों के इलाज पर असर पड़ा।
चिकित्सकों ने आरोपों को किया खारिज
ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. साकेत कुमार ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों के उपचार के लिए निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।डॉ. कुमार के अनुसार युवक की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। दुर्घटना में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, कई हड्डियां टूट गई थीं और अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था।
चिकित्सकों की टीम ने उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मरीज की चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए उसे पानी देना उचित नहीं था। परिजन इस चिकित्सकीय आवश्यकता को समझ नहीं पाए, जिसके कारण गलतफहमी की स्थिति उत्पन्न हुई।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
घटना के बाद रिम्स में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले कुछ वर्षों में मरीजों की मौत या इलाज को लेकर अस्पताल के विभिन्न विभागों में कई बार हंगामा, दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि चिकित्सक बिना किसी भय के मरीजों का उपचार कर सकें। वहीं, प्रशासन पूरे मामले की समीक्षा में जुट गया है।








