Jharkhand Excise Recruitment 2026: झारखंड में खुलेगा सरकारी नौकरी का पिटारा, उत्पाद विभाग में सिपाही और ASI की होगी भर्ती
झारखंड में उत्पाद विभाग में सिपाही, ASI और अन्य पदों पर जल्द भर्ती होगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। जानें पूरी अपडेट।

Jharkhand Excise Recruitment 2026। झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभागीय समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उत्पाद सिपाही (Excise Constable), सहायक अवर निरीक्षक (ASI) और अन्य रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद माना जा रहा है कि लंबे समय से खाली पड़े पदों पर जल्द भर्ती का रास्ता साफ हो सकता है।
उत्पाद सिपाही और ASI भर्ती को मिलेगी रफ्तार
शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभाग के कामकाज और लंबित नियुक्तियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उत्पाद सिपाही की भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके साथ ही विभाग में खाली पड़े सहायक अवर निरीक्षक (ASI) समेत अन्य पदों पर भी जल्द नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएं।सरकार का मानना है कि रिक्त पद भरने से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी।
युवाओं के लिए बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं
उत्पाद विभाग में लंबे समय से कई पद रिक्त हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भर्ती प्रक्रिया तेज होने से हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी पाने का मौका मिल सकता है। हालांकि विभाग ने अभी भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन या रिक्तियों की संख्या जारी नहीं की है।
राजस्व बढ़ाने पर सरकार का फोकस
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उत्पाद विभाग की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी आधारित निगरानी और प्रबंधन व्यवस्था लागू कर विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए।इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बीवरेज कॉरपोरेशन के विस्तार पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री ने झारखंड स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) के कार्यक्षेत्र को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि कॉरपोरेशन की कार्यप्रणाली बेहतर होने से शराब कारोबार के प्रबंधन और राजस्व संग्रह दोनों में सुधार होगा। उन्होंने मैन पावर बढ़ाने पर जोर दिया है।
अवैध कारोबार पर होगी सख्त कार्रवाई
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अवैध शराब कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बदलती परिस्थितियों के अनुरूप नई नीतियां तैयार करने और विभागीय सुधारों को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर भी जोर दिया।सरकार का मानना है कि रिक्त पदों पर नियुक्ति और नई व्यवस्थाओं के लागू होने से विभाग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।








