भीषण हादसा : दुल्हा-दुल्हन प्री-वेडिंग शूट के लिए जा रहे थे, आधे रास्ते में स्कार्पियों हुई दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत, बकरी को बचाने में बाइक से टक्कर
प्री वेडिंग के लिए जाने के दौरा एक्सीडेंट हो गया। बकरी को बचाने के दौरान बाइक और स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार और दो कैमरामैन समेत 3 की मौत, 4 घायल।

Accident News : सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। दूल्हा-दुल्हन प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में भीषण हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक दुल्हा दुल्हन सहित सात लोग स्कॉर्पियो से बोलपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सड़क पर अचानक आई बकरी को बचाने की कोशिश के दौरान बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया था।यह दुर्घटना बर्धमान-सिउड़ी नेशनल हाईवे-114 पर भातार थाना क्षेत्र के झरना मोड़ के पास हुई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में जान गंवाने वालों में बाइक सवार और फोटोशूट के लिए जा रहे दो कैमरामैन शामिल हैं।
बकरी सामने आते ही बिगड़ा बाइक सवार का संतुलन
घटना को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो बर्दवान शहर के दिघिरपार इलाके से बोलपुर की ओर जा रही थी। गाड़ी में होने वाले दूल्हा-दुल्हन समेत कुल सात लोग सवार थे। शादी से पहले यादगार तस्वीरें खिंचवाने के लिए सभी फोटोशूट पर निकले थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल के सामने अचानक बकरी आ गई। बाइक चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वाहन पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया। मोटरसाइकिल सड़क के दूसरी ओर चली गई और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई।
जोरदार टक्कर के बाद खाई में पलटी गाड़ी
दोनों वाहनों के बीच भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरा। दूसरी ओर, स्कॉर्पियो चालक भी गाड़ी को संभाल नहीं पाया और वाहन सड़क किनारे खाई में जा पलटा। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों की मदद के प्रयास शुरू हो गए।प्री-वेडिंग शूट के लिए निकले दूल्हा-दुल्हन और उनके साथ मौजूद लोगों के लिए यह सफर अचानक जानलेवा हादसे में बदल गया।
हादसे में तीन की मौत, चार लोग अस्पताल में भर्ती
इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मोटरसाइकिल चलाने वाला व्यक्ति और स्कॉर्पियो में सवार दो कैमरामैन बताए गए हैं। वहीं, हादसे में घायल चार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।दुर्घटना की सूचना मिलने पर भातार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस कर रही हादसे की पड़ताल
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू की। शुरुआती जानकारी में बकरी को बचाने के प्रयास के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ने को टक्कर की वजह बताया जा रहा है।हाईवे पर अचानक पशु सामने आने से होने वाली दुर्घटनाओं का यह मामला सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े करता है। फिलहाल इस हादसे में तीन लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।












