रांची टी-20 मैच: भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच के दौरान स्टेडियम में इन सामानों की रहेगा पाबंदी, 3 बजे से पहले इंट्री रहेगी बंद, जानिये बैठक में क्या हुआ फैसला

रांची। राजधानी में एक बार फिर चौके-छक्के की झड़ी लगने जा रही है। अगले महीने राजधानी रांची में टी20 मैच खेला जाना है। राजधानी रांची के अंतरराष्ट्रीय जेएससीए स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मैच के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यापक रणनीति तैयार की गई है। इसी सिलसिले में प्रशासनिक अधिकारियों और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में अधिकारियों ने मैच के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। स्टेडियम परिसर के अलावा आसपास के इलाकों में भी पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने के उपायों पर विस्तार से विचार किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मैच के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
दोपहर 3 बजे से शुरू होगी दर्शकों की एंट्री
मैच के दिन दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। प्रशासन ने खास तौर पर निर्देश दिया है कि प्रवेश शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने दिया जाए। माना जा रहा है कि मैच को लेकर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में बिना टिकट दर्शकों की भीड़ से अव्यवस्था और यातायात संबंधी परेशानी पैदा हो सकती है।
दर्शकों को निर्धारित गेट से ही प्रवेश दिया जाएगा और इसके लिए कतार व्यवस्था लागू रहेगी। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे समय से स्टेडियम पहुंचें और अपने निर्धारित प्रवेश गेट पर कतार में लगकर प्रवेश करें। इससे प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रहेगी और दर्शकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रतिबंधित सामान लेकर स्टेडियम नहीं पहुंचें
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दर्शकों से स्टेडियम परिसर में किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को लेकर नहीं आने की अपील की गई है। स्टेडियम में प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच की व्यवस्था रहेगी। प्रशासन का कहना है कि दर्शक सुरक्षा नियमों का पालन करें और जांच प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि प्रवेश व्यवस्था जल्द और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।
ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
मैच के दौरान रांची में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस और प्रशासन को स्टेडियम की ओर आने वाले मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने और भीड़ के अनुसार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने शहरवासियों और क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। दर्शकों से कहा गया है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क करने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि स्टेडियम या उसके आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
बैठक में अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह क्रिकेट मुकाबला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो तथा दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह और ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण मौजूद रहीं।
इसके अलावा जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ मैच की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर दिया। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि सभी के सहयोग से भारत-वेस्टइंडीज का यह मुकाबला रांची में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित होगा।











