झारखंड कैबिनेट ब्रेकिंग: हेमंत कैबिनेट की बैठक स्थगित, दूसरी बार रद्द हुई मंत्रिपरिषद की बैठक, 40 दिन बाद होने वाली थी मीटिंग, जानिये क्या है इसकी वजह …

रांची। झारखंड सरकार की आज होने वाली कैबिनेट की बैठक रद्द हो गई है। यह बैठक दोपहर 3 बजे प्रस्तावित थी। करीब 40 दिनों बाद होने वाली इस बैठक में कई अहम फैसले लिये जाने थे, लेकिन बैठक को स्थगित कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत खराब होने के कारण आज की बैठक स्थगित की गई है।
बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और उन्हें मंजूरी दिए जाने की संभावना थी। हालांकि, बैठक स्थगित होने के बाद अब इन प्रस्तावों पर चर्चा और निर्णय के लिए नई तारीख का इंतजार करना होगा। सरकार की ओर से बैठक स्थगित किए जाने के कारणों और अगली बैठक की तारीख को लेकर फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले भी 25 सितंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक को स्थगित किया गया था।
संभावित प्रस्तावों में एमएमडीआर एक्ट पर चर्चा के लिए विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के आयोजन का मामला भी होगा। महत्वपूर्ण विषयों में जेपीएससी के अध्यक्ष एवं सदस्यों के मनोनयन पर भी चर्चा हो सकती है।










