झारखंड: सरकारी स्कूल ही नहीं, अब प्राइवेट स्कूलों के टीचर भी करेंगे जनगणना ड्यूटी, केंद्र सरकार ने बदले नियम
हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म और संस्कार भोज को लेकर नेमरा में सुरक्षा कड़ी। 13 सुपर जोन, 42 जोन और विशेष पुलिस बल तैनात।

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म और संस्कार भोज को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। रामगढ़ जिले के नेमरा में 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाले संस्कार भोज में वीआईपी और आम लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इस दौरान दुर्गापूजा भी है, लिहाजा रूपी सोरेन के श्राद्ध व दुर्गापूजा दोनों की सुरक्षा में राज्यभर में 10 हजार से अधिक जवानों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। नेमरा में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर विशेष बलों तक को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म में उमड़ सकती है भारी भीड़
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म और संस्कार भोज के मद्देनजर रामगढ़ जिले के नेमरा में सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत योजना तैयार की है।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए रामगढ़ जिले को 13 सुपर जोन में बांटा गया है। प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी एक आईपीएस अधिकारी को दी गई है। इसके अलावा इन सुपर जोन के अंतर्गत 42 जोन बनाए गए हैं, जिनकी कमान 42 डीएसपी संभालेंगे। यह व्यवस्था 19 अक्टूबर की सुबह तक लागू रखने की जानकारी दी गई है।
14 आईपीएस, 42 डीएसपी, 2300 अतिरिक्त जवान रामगढ़ से नेमरा तक तैनात
नेमरा में श्राद्ध कर्म और संस्कार भोज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 14 अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। इनमें झारखंड जगुआर के डीआईजी इंद्रजीत महथा, एसपी एसआईबी सौरभ, एसपी एसीबी सुमित कुमार अग्रवाल, एसपी विशेष शाखा हरविंदर सिंह, रांची यातायात एसपी राकेश कुमार सिंह और रांची ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी शामिल हैं।
इसके अलावा सीआईडी एसपी रोशन गुड़िया, जैप-6 के कमांडेंट राजेश कुमार, जैप-4 के कमांडेंट ऋषभ कुमार झा, एसीबी एसपी श्रीराम समद, चैनपुर एसडीपीओ कुमारी श्रुति, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहेब, धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मुहम्मद याकुब और पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा को भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
झारखंड जगुआर और एटीएस की टीमें भी रहेंगी तैनात
रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म और संस्कार भोज के दौरान सुरक्षा को मजबूत रखने के लिए विशेष बलों की तैनाती भी की गई है। नेमरा में झारखंड जगुआर के 135 जवानों वाले पांच असाल्ट ग्रुप, आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) की दो हीट टीम और रैपिड एक्शन पुलिस (रैप) की दो कंपनियां तैनात रहेंगी।
इसके अतिरिक्त 60 पुलिस इंस्पेक्टर, 300 एएसआई और दारोगा, 1,265 पुरुष लाठी बल, 100 महिला लाठी बल और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनकी जिम्मेदारी कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बनाए रखने तथा भीड़ को नियंत्रित करने की होगी।
दुर्गा पूजा के लिए भी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल
रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म के साथ ही नवरात्र और दुर्गा पूजा को देखते हुए झारखंड के विभिन्न जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। रांची में 749, जमशेदपुर में 361, हजारीबाग में 330, गिरिडीह में 340 और धनबाद में 220 जवानों की तैनाती की जानकारी दी गई है।इसके अलावा देवघर में 160, साहिबगंज में 170, रामगढ़ में 158, बोकारो में 150 और पलामू में 150 जवान तैनात किए गए हैं। अन्य जिलों में भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। कुछ जिलों में बम निरोधक और अश्रु गैस दस्ते भी तैनात रहेंगे।
19 अक्टूबर की सुबह तक विशेष व्यवस्था
नेमरा में आयोजित कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की बहुस्तरीय व्यवस्था की है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में अलग-अलग जोन बनाकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसका उद्देश्य श्राद्ध कर्म और संस्कार भोज में आने वाले लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटना है।
मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन के श्राद्ध कर्म को लेकर किए गए इन इंतजामों के बीच पुलिस प्रशासन ने राज्य में दुर्गा पूजा के दौरान भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारी की है।












