झारखंड: ASI की मौत- रूपी सोरेन के श्राद्ध कार्यक्रम की ड्यूटी में जा रहे ASI की मौत, बाइक सवार की टक्कर में हुए थे घायल, पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार

रामगढ़। एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। मुख्यमंत्री की मां के श्राद्ध कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए जा रहे ASI की मौत हो गयी। मामला झारखंड के रामगढ़ जिले की है, जहां सड़क दुर्घटना में सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) बैजनाथ प्रजापति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री की मां के श्राद्ध संस्कार के दौरान ड्यूटी करने के लिए नेमरा जा रहे एएसआई को कोठार में सड़क पार करने के दौरान एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल एएसआई ने रविवार सुबह करीब छह बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सड़क पार करते समय बाइक ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात रामगढ़ के कोठार में एएसआई बैजनाथ प्रजापति सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया।हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। रविवार सुबह करीब छह बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नेमरा में लगाई गई थी ड्यूटी
एएसआई बैजनाथ प्रजापति हजारीबाग जिले के इचाक क्षेत्र के निवासी थे और चाईबासा जिले के तांतनगर में पदस्थापित थे। मुख्यमंत्री की मां के श्राद्ध संस्कार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए उनकी ड्यूटी रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा में लगाई गई थी। इसी ड्यूटी पर जाने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गए।











