कांगो में बड़ा विमान हादसा, 2 वरिष्ठ सैन्य अधिकारी समेत 14 लोगों की मौत

किन्शासा। डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) में शुक्रवार को एक विमान हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत की खबर आ रही है। मृतकों में दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं। हादसा देश के क्वांगो प्रांत के केंगे इलाके में हुआ, जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर रिहायशी क्षेत्र में जा गिरा।
जानकारी के मुताबिक विमान किक्विट से राजधानी किन्शासा लौट रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आने की बात सामने आई। इसके बाद विमान ने केंगे में उतरने की कोशिश की, लेकिन वहां कोई उपयुक्त रनवे उपलब्ध नहीं था और विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेंजे के अनुसार, हादसे में दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल मुतोम्बो काटालायी तिएंदे और लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी मौत हुई है। इनके अलावा प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य और चालक दल के लोग भी मारे गए।
मृतकों की संख्या पर बढ़ सकता है आंकड़ा
हादसे के शुरुआती घंटों में मृतकों की संख्या 14 बताई गई थी। बाद में स्थानीय अधिकारियों की रिपोर्ट में यह संख्या 18 तक पहुंचने की बात कही गई, जिसमें 14 सैन्यकर्मी और 4 नागरिक बताए गए हैं। ऐसे में अंतिम आधिकारिक आंकड़ा जांच और शवों की पहचान के बाद स्पष्ट होने की उम्मीद है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक विमान में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।











