close
LIVE UPDATE

झारखंड: मां-बेटा का चोर गैंग, पुलिस ने चोरों के इंटरस्टेट गैंग को पकड़ा, पांच चोर गिरफ्तार, इस तरह से देते थे वारदात को अंजाम

Jharkhand: Mother-son gang of thieves, police arrest interstate gang of thieves, five thieves arrested, this is how they carried out the crime

पलामू। अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने झारखंड और उत्तर प्रदेश में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले इस गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मां-बेटा भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से सोना-चांदी के जेवरात और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। गिरोह की खास बात यह है कि इसमें मां-बेटा भी शामिल हैं।

पुलिस को यह सफलता चैनपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया, इसी दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले लोहे के औजार बरामद हुए, जिनका उपयोग ताला और गेट तोड़ने में किया जाता था। इसके बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने मेरी नगर थाना क्षेत्र के कुंड मोहल्ला निवासी राजा कुमार उर्फ राजा डोम, लक्की कुमार, आकाश कुमार, आशु कुमार और सुनीता देवी को गिरफ्तार किया है। सुनीता देवी गिरोह के मास्टरमाइंड की मां बताई जा रही हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह में एक अन्य महिला सदस्य भी शामिल है, जो गिरफ्तार आरोपी की बहन है और फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सोना-चांदी के जेवरात और औजार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 30 ग्राम सोने के जेवरात और 350 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा लोहे के कई औजार भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल ताले तोड़ने और घरों में सेंध लगाने के लिए किया जाता था। पुलिस का मानना है कि बरामद जेवरात विभिन्न चोरी की घटनाओं से जुड़े हुए हैं।

मोबाइल फोन से दूरी, दिन में रेकी और रात में चोरी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह अंतरराज्यीय गिरोह किसी भी तरह के मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। गिरोह के सदस्य नशे के आदी बताए जा रहे हैं। वे दिन के समय मोहल्लों और गांवों में घूमकर खाली घरों की रेकी करते थे और रात में उन्हीं घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।चोरी के बाद ये लोग जेवरात स्थानीय सर्राफों को बेच देते थे। कई मामलों में पुलिस को जानकारी मिली है कि चोरी का सोना रांची के अपर बाजार इलाके में भी बेचा गया है।

24 चोरी की घटनाओं का खुलासा

पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, गढ़वा और पलामू जिले के विभिन्न इलाकों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। अब तक 24 चोरी की घटनाओं का उद्भेदन किया जा चुका है। उन्होंने कहा,“पुलिस ने पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। गिरोह का एक सदस्य फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पूरे मामले में आगे की जांच की जा रही है।”

जेल से निकलते ही फिर शुरू की चोरी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के दो मुख्य सदस्य राजा कुमार और आकाश कुमार 15 अगस्त को जेल से बाहर आए थे। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने एक बार फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। कई इलाकों में चोरी के दौरान इनके सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *