close
LIVE UPDATE

“हेमंत सोरेन का शूट पहनना व विदेश जाना, भाजपा को रास नहीं आ रहा” इरफान अंसारी ने भाजपा पर किया पलटवार, शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की बात पर कहा…

"BJP is not happy with Hemant Soren wearing a suit and going abroad" Irfan Ansari hit back at BJP, saying on the issue of giving Bharat Ratna to Shibu Soren...

जामताड़ा/26.1.26। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे को लेकर भाजपा की आलोचना पर तीखा पलटवार किया है। स्वास्थ्य मंत्री ने दो टूक कहा है कि आदिवासी नेता का बढ़ना भाजपा को रास नहीं आ रहा है। जामताड़ा में उन्होंने कहा कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री का विदेश जाना और आधुनिक पहनावा भाजपा को रास नहीं आ रहा है।

गणतंत्र दिवस पर गैरमौजूदगी को लेकर भाजपा की आपत्ति

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों विदेश दौरे पर हैं। इसी कारण वे गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल नहीं हो सके और न ही उन्होंने ध्वजारोहण किया। इसे लेकर भाजपा ने सवाल खड़े किए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व के दिन मुख्यमंत्री का राज्य में मौजूद न रहना राज्य की गरिमा के खिलाफ है।

बाबूलाल मरांडी पर सीधा हमला

भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा बौखला गई है। उन्होंने कहा, “बाबूलाल मरांडी जी को भी राज्य चलाने का मौका मिला था, लेकिन उन्होंने झारखंड के बुनियादी ढांचे को और खराब कर दिया।”
मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा को विकास से ज्यादा राजनीति में रुचि है और वह हर मुद्दे पर आदिवासी नेतृत्व को निशाना बनाती है।

विदेश दौरे को बताया विकास से जुड़ा कदम

इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड आज भी वैश्विक मानकों पर पिछड़ा हुआ राज्य है। अगर मुख्यमंत्री राज्य के विकास के लिए विदेश जाकर नई नीतियां, निवेश और तकनीक लाने की कोशिश कर रहे हैं, तो इसमें आपत्ति का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी देश के कई मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर जा चुके हैं, लेकिन तब भाजपा ने ऐसा विरोध नहीं किया।

“सूट पहनने पर क्यों आपत्ति?”

स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा की आलोचना को दोहरे मापदंड वाला बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री करोड़ों रुपये का सूट पहनते हैं, उस समय किसी को कोई आपत्ति नहीं होती। लेकिन जब एक आदिवासी मुख्यमंत्री सूट पहनकर विदेश जाता है, तो भाजपा को तकलीफ होने लगती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह मानसिकता आदिवासी विरोधी सोच को दर्शाती है।

शिबू सोरेन के सम्मान पर भी घेरा

इरफान अंसारी ने दिवंगत शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण दिए जाने के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने इसे गुरुजी का अपमान बताया।उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन एक आंदोलनकारी नेता थे, जिन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकार के लिए संघर्ष किया और झारखंड राज्य का निर्माण कराया। ऐसे महान व्यक्तित्व को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए था।

2029 का राजनीतिक संकेत

स्वास्थ्य मंत्री ने राजनीतिक भविष्यवाणी करते हुए कहा कि भाजपा कभी भी आदिवासियों को सही सम्मान नहीं देना चाहती। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2029 में जब कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, तब दिवंगत शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का काम किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *