शादी से पहले प्रेमी संग फरार हुई बेटी, सदमे में मां की मौत; पिता ने मृत मां व जिंदा बेटी की एक साथ कर दी तेरहवीं
बेटी के प्रेमी संग घर छोड़ने और पत्नी की मौत से आहत पिता ने जीवित बेटी का पिंडदान कर तेरहवीं संस्कार किया।

Love Affair News। शादी के पहले बेटी अपने प्रेमी के साथ फरार हो गयी। बेटी के घर से भाग जाने की खबर मां ने सुनी, तो सदमें में मां की भी मौत हो गयी। जिसके बाद गुस्साये पिता ने मां के साथ ही बेटी की भी तेरहवीं कर दी। मामला उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का है, जहां एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।
शादी से पहले इकलौती बेटी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। बेटी के इस कदम से मां को गहरा सदमा लगा और उनकी मौत हो गई। पत्नी की मौत से आहत पिता ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी इलाके में चर्चा हो रही है। उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी के साथ ही जीवित बेटी को मृत मानकर उसका पिंडदान किया और दोनों की एक साथ तेरहवीं कर दी।
मामला संदीपन घाट थाना क्षेत्र का है। मूरतगंज पल्हाना रोड निवासी राजू गुप्ता की इकलौती बेटी ज्योति 15 अक्टूबर को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि वह धन्नी गांव निवासी अपने प्रेमी अमरदीप रैदास के साथ चली गई है।
25 नवंबर को तय थी शादी, पहले भी दो बार टूट चुकी थी सगाई
बताया जा रहा है कि ज्योति की पहले दो जगह सगाई हुई थी, लेकिन दोनों बार रिश्ता टूट गया था। करीब एक महीने पहले उसकी सगाई फतेहपुर जिले में हुई थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और 25 नवंबर को विवाह की तारीख तय की गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटी की शादी के बाद घर में खुशियां आएंगी, लेकिन शादी से पहले ही उसके प्रेमी के साथ चले जाने से परिवार को बड़ा झटका लगा।
बेटी के जाने के सदमे में मां की मौत
परिजनों के मुताबिक, बेटी के घर छोड़कर जाने से उसकी मां को गहरा सदमा लगा था। इसके बाद उनकी मौत हो गई। पत्नी को खोने और इकलौती बेटी के घर छोड़ने के दोहरे दुख से पिता राजू गुप्ता बुरी तरह टूट गए। वह बेटी के इस कदम को पत्नी की मौत की वजह मानकर बेहद आहत थे।
पत्नी के साथ जीवित बेटी की भी कर दी तेरहवीं
इसी नाराजगी और मानसिक पीड़ा के बीच राजू गुप्ता ने अपनी दिवंगत पत्नी के तेरहवीं संस्कार के साथ ही जीवित बेटी ज्योति का भी तेरहवीं संस्कार कर दिया। उन्होंने बेटी का पिंडदान कर उससे सभी रिश्ते खत्म करने का फैसला लिया है। इतना ही नहीं, पिता ने बेटी को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने का भी निर्णय लिया है।शादी से पहले बेटी के प्रेमी के साथ चले जाने और फिर मां की मौत के बाद पिता द्वारा जीवित बेटी का पिंडदान किए जाने की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।












