झारखंड IAS न्यूज: कौन है झारखंड का सबसे अमीर IAS, 155 आईएएस अफसरों ने संपत्ति का दिया ब्योरा, देखिये किसके पास कितनी दौलत
Jharkhand IAS News: Who is the richest IAS officer in Jharkhand? 155 IAS officers have given details of their assets. See who has how much wealth.

झारखंड कैडर के 155 IAS अधिकारियों ने अपनी चल और अचल संपत्तियों का वार्षिक विवरण सार्वजनिक कर दिया है। केंद्र सरकार के निर्देश के तहत यह जानकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के पोर्टल पर अपलोड की गई है। सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों की संपत्ति झारखंड के साथ-साथ बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी दर्ज है, जबकि दो अधिकारियों ने अपने नाम से कोई अचल संपत्ति नहीं होने की जानकारी दी है।
________________________________________
रांची/15.3.26। झारखंड कैडर के कुल 155 IAS अधिकारियों ने अपनी चल और अचल संपत्तियों का ब्यौरा सार्वजनिक कर दिया है। यह जानकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के पोर्टल पर अपलोड की गई है। इस विवरण से यह सामने आया है कि राज्य के कई वरिष्ठ अफसरों की संपत्ति सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी उनकी जमीन, मकान और फ्लैट मौजूद हैं।
चीफ सेकरेट्री के पास कितनी संपत्ति
राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार (IAS ) ने अपने वार्षिक विवरण में पैतृक और अर्जित संपत्तियों की विस्तृत जानकारी दी है। उनके नाम से बिहार के सीतामढ़ी जिले के सुरसंड क्षेत्र में कृषि भूमि दर्ज है, जबकि मुजफ्फरपुर के गन्नीपुर इलाके में आवासीय जमीन है। इसके अलावा पटना के बोरिंग रोड में फ्लैट, पाटलिपुत्र कॉलोनी और दानापुर में प्लॉट भी उनकी संपत्ति सूची में शामिल हैं। राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में उनका करीब 1780 वर्ग फीट का 4-BHK फ्लैट भी है, जिससे सालाना करीब 5.76 लाख रुपये किराया मिलने की जानकारी दी गई है। वहीं लखनऊ के गोमती नगर और रांची के अशोक नगर तथा धुर्वा इलाके में भी जमीन दर्ज है।
अन्य वरिष्ठ IAS अधिकारियों ने भी अपनी संपत्तियों का ब्यौरा सार्वजनिक किया है। 1991 बैच के IAS शैलेश कुमार सिंह के नाम से देवघर में मकान और रांची के सांगा इलाके में जमीन है। 1992 बैच की निधि खरे ने गौतम बुद्ध नगर में करीब 1.19 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के साथ रांची के ओल्ड एजी कोऑपरेटिव कॉलोनी में घर और प्लॉट का विवरण दिया है। वहीं 1995 बैच के नितिन मदन कुलकर्णी के पास रांची के हरमू और अशोक नगर में दो मकान बताए गए हैं।
वंदना दादेल के पास कितनी संपत्ति
इसी तरह 1996 बैच की IAS वंदना दादेल के पास रांची के बरियातू इलाके में जमीन और खेलगांव में रो-हाउस है। 1997 बैच के सुनील कुमार वर्णवाल ने गौतम बुद्ध नगर, रांची और खूंटी में जमीन का विवरण दिया है। 1998 बैच की अराधना पटनायक के नाम से रांची के कांके और बरियातू में संपत्ति के साथ पुडुचेरी में भी एक मकान दर्ज है।
2000 बैच की IAS पूजा सिंघल के नाम से कोलकाता के राजरहाट इलाके में घर, कांके के सुकुरहुट्टी में प्लॉट और बरियातू में कॉमर्शियल स्पेस का विवरण दिया गया है। इसके अलावा 2002 बैच के मनीष रंजन के नाम से पुणे, रांची और देहरादून में संपत्तियां दर्ज हैं।हालांकि इस सूची में दो ऐसे अधिकारी भी हैं जिन्होंने अपने नाम से किसी भी प्रकार की अचल संपत्ति नहीं होने की जानकारी दी है। इनमें 1996 बैच के मस्त राम मीणा और 2005 बैच के के. श्रीनिवास शामिल हैं।
केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार सभी IAS अधिकारियों को हर साल 31 जनवरी तक अपनी चल और अचल संपत्तियों का विवरण ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होता है। इसी प्रक्रिया के तहत झारखंड कैडर के अधिकारियों का यह विवरण सार्वजनिक किया गया है। हालांकि चार अधिकारियों ने अभी तक अपनी संपत्ति का ब्यौरा जमा नहीं किया है, जिनमें विनय कुमार चौबे, संजय कुमार, मनोहर मरांडी और कृष्ण कुमार सिंह के नाम बताए जा रहे हैं।








