नौकरी लगते ही 2 महीने में घूसखोर अफसर गिरफ्तार: 50,000 रुपये घूस लेते BSO को ACB ने रंगे हाथों पकड़ा, डीलर से ले रहा था पैसा, पूछताछ जारी …
Jharkhand: Bribery officer arrested: ACB catches BSO red-handed while accepting Rs 50,000 bribe from dealer; interrogation continues...

ACB की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर पीडीएस डीलर से अवैध वसूली का आरोप है।
________________________________________
Jharkhand ACB Trap : भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की दुमका इकाई ने साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में पदस्थापित ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर (BSO) को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान नंदन कुमार के रूप में हुई है।
आरोपी बीएसओ नंदन कुमार पर जन वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े एक डीलर से नियमित रूप से अवैध धन की मांग करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि राशन की आपूर्ति और सरकारी कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के नाम पर वह डीलर पर लगातार दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर संबंधित डीलर ने इसकी लिखित शिकायत ACB की दुमका इकाई को दी।
ACB ने शिकायत की जांच की। प्रारंभिक जांच में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद पूरे ऑपरेशन की योजना बनाकर ट्रैप की तैयारी की गई। पूर्व नियोजित रणनीति के तहत गुरुवार को डीलर को आरोपी अधिकारी को रिश्वत की पहली किस्त देने के लिए कहा गया।
जैसे ही डीलर ने 50 हजार रुपये आरोपी को सौंपे, पहले से मौके पर मौजूद ACB की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नंदन कुमार को रंगे हाथ पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस अवैध वसूली में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।
इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने एसीबी की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।गौरतलब है कि राज्य में समय-समय पर ACB द्वारा इस तरह की कार्रवाई की जाती रही है, जिससे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त संदेश जाता है।








