रांची: लूटेरों ने अफसर के घर में मचाया तांडव, तड़के घुसे लूटरे, बंदूक की नोंक पर लाखों की लूट, पुलिस जांच में जुटी

रांची। नवरात्र के दौरान एक तरफ पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद होने का दावा कर रही है, दूसरी तरफ लूटेरे पुलिस के दावों की पोल खोल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला राजधानी के कांके क्षेत्र से सामने आया है। झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
कांके थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह हथियारबंद अपराधियों ने कृषि विभाग के पदाधिकारी रामाशंकर प्रसाद के घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया। रिंग रोड स्थित उनके आवास में घुसे पांच अपराधियों ने बंदूक की नोक पर गहने और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
सुबह-सुबह घर में घुसे पांच हथियारबंद अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित रामाशंकर प्रसाद के आवास की है। बताया जा रहा है कि सुबह के समय पांच की संख्या में अपराधी घर में घुसे। उनके पास हथियार थे। अपराधियों ने हथियार के बल पर घर के लोगों को डराया और गहने तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।अपराधियों ने वारदात को किस तरह अंजाम दिया और लूट में कितने रुपये व कितने मूल्य के गहने ले जाए गए, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
जांच में जुटी कांके थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कांके थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने और वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।फिलहाल अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।
हालांकि पुलिस इस मामले में स्थानीय लिंक की भी तलाश कर रही है। पुलिस सीसीटीवी के जरिये भी अपराधियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही वो अपराधियों के करीब पहुंच जायेगी। हालांकि पुलिस इस मामले में अलग-अलग टीम बनाकर जांच में जुटी है।










