झारखंड- कैंसर मरीजों के लिए कौन सी मशीन बनने वाली है ब्रह्मास्त्र, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जीवीके सुब्रमण्यम ने बताया स्वदेशी मशीन का रहस्य…
Jharkhand: Which machine is going to be the Brahmastra for cancer patients? GVK Subramaniam told Chief Minister Hemant Soren the secret of the indigenous machine...

झारखंड के कैंसर मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े, इसके लिए सरकार प्रदेश में ही अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित करेगी। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक जीवीके सुब्रमण्यम से मुलाकात के दौरान स्वदेशी तकनीक से विकसित कैंसर उपचार मशीन पर विस्तार से चर्चा हुई।
________________________________________
रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार एक और महत्वपूर्ण पहल की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य के कैंसर मरीजों को बेहतर और उन्नत इलाज उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार के लिए अन्य राज्यों का रुख न करना पड़े, इसके लिए झारखंड में ही अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वरिष्ठ वैज्ञानिक जीवीके सुब्रमण्यम ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वैज्ञानिक सुब्रमण्यम ने अपने द्वारा स्वदेशी तकनीक से विकसित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने मशीन की कार्यप्रणाली, उपचार की प्रभावशीलता तथा इसके तकनीकी पक्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वैज्ञानिक सुब्रमण्यम ने बताया कि यह मशीन पूरी तरह देश में विकसित तकनीक पर आधारित है और वर्तमान में देश-विदेश के कई बड़े अस्पतालों में कैंसर उपचार के लिए सफलतापूर्वक उपयोग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से कैंसर जैसी गंभीर और जटिल बीमारी के इलाज में बेहतर परिणाम सामने आए हैं। मशीन मरीजों के लिए अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने में सक्षम है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वैज्ञानिक सुब्रमण्यम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित यह मशीन कैंसर रोगियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए आधुनिक तकनीक आधारित उपचार बेहद आवश्यक है और राज्य सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग देने को तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। सरकारी अस्पतालों में जांच और इलाज की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकें। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या एक गंभीर विषय है, जिस पर ठोस और दीर्घकालिक रणनीति के तहत काम करना आवश्यक है।
उन्होंने दोहराया कि राज्य के लोगों को अपने ही प्रदेश में उच्चस्तरीय इलाज उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है। कैंसर उपचार के लिए अत्याधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ चिकित्सक और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सरकार इस दिशा में सभी आवश्यक और ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि वरिष्ठ वैज्ञानिक जीवीके सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं। वे भारत के पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सहयोगी रह चुके हैं और उनके साथ कई महत्वपूर्ण अनुसंधान एवं शोध कार्यों में सहभागिता कर चुके हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तरह की अत्याधुनिक तकनीक झारखंड के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में उपलब्ध होती है, तो राज्य के कैंसर मरीजों को न केवल बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि समय और आर्थिक बोझ में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।









