झारखंड: चार पुलिसकर्मी सस्पेंड, महिला रेप मामले में बड़ा एक्शन, आरोपी सिपाही गिरफ्तार, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

सरायकेला। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप पुलिसकर्मी पर लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
वहीं, दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है।इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच के लिए एसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला गुरुवार को पारिवारिक कलह से परेशान होकर शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। महिला का आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी नीरज लकड़ा ने उसकी परेशानी का फायदा उठाया और थाना परिसर के एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया।महिला की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
मामले में लापरवाही और कर्तव्यहीनता के आरोप में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में शामिल हैं:
• थाना प्रभारी संजय प्रसाद
• सब इंस्पेक्टर मनोज साहू
• सब इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह
• आरक्षी संतोष राय
पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में जवाबदेही तय करने के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।
घटनास्थल वाला कमरा सील, SIT कर रही जांच
मामले की जांच के लिए सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया है। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ पुलिस टीम के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।साक्ष्यों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न हो, इसके लिए उस कमरे को तत्काल सील कर सुरक्षित कर दिया गया, जहां महिला के साथ कथित घटना होने का आरोप है।जांच टीम घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
आरोपी सिपाही गिरफ्तार, पुलिस ने कही सख्त कार्रवाई की बात
एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि मामले में कानूनी प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करते हुए गहन अनुसंधान किया जा रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
फिलहाल इस मामले ने पुलिस थाने में महिलाओं की सुरक्षा और शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की SIT जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।












