चोरों की गजब कलाकारी! स्कूल में चोरी करने पहुंचे, कुछ मिला नहीं तो अपना ताला ही लगाकर चलते बने, अब फर्जी TC की आशंका
अनगड़ा के दो स्कूलों में अजीबोगरीब चोरी। चोर अलमारियां खंगालने के बाद अपने ताले लगाकर फरार। ग्रामीणों को फर्जी टीसी के लिए दस्तावेजों से छेड़छाड़ की आशंका।

रांची। चोर भी बड़े कलाकार निकले! चोरी करने पहुंचे थे स्कूल, अलमारियां खंगालीं, सामान इधर-उधर किया, लेकिन जब हाथ कुछ खास नहीं लगा तो जाते-जाते अपनी तरफ से स्कूल के दरवाजे पर ताला भी जड़ दिया। अब सवाल यह है कि चोरी करने आए थे या स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था संभालने? झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में सामने आई यह अजीबोगरीब घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मामला राजाडेरा स्थित दो स्कूलों का है, जहां रात चोरों ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय राजाडेरा और एसपीजी मिशन विद्यालय खेरवाकोचा के मुख्य कार्यालयों को निशाना बनाया। चोरों ने दोनों स्कूलों के कार्यालयों का ताला तोड़ा, अंदर घुसे और अलमारियों की तलाशी लेने लगे। शनिवार सुबह जब स्कूल खुले तो कार्यालयों में सामान बिखरा पड़ा था। हालांकि, चोरों के हाथ कोई बड़ी सफलता नहीं लगी।
चोरी करने आए थे या ताला लगाने? जाते-जाते कर गए ‘अतिरिक्त इंतजाम’
इस पूरी घटना में सबसे दिलचस्प बात चोरों की हरकत रही। आमतौर पर चोर चोरी करने के बाद मौके से भाग निकलते हैं, लेकिन यहां चोरों ने जाते-जाते एक अलग ही कारनामा कर दिया। दोनों स्कूलों के कार्यालयों के दरवाजों पर अपने साथ लाए गए दूसरे ताले लगाकर चलते बने।
यानी स्कूल का पुराना ताला तोड़कर अंदर घुसे और बाहर निकलते समय नया ताला लगाकर चले गए। अब ग्रामीण भी हैरान हैं कि आखिर चोरों ने ऐसा क्यों किया? क्या चोरी के दौरान कोई खास दस्तावेज तलाश रहे थे या फिर उनके इरादे कुछ और ही थे?
बिजली के उपकरण ही ले जा सके चोर, अलमारियां भी खंगालीं
जानकारी के अनुसार, एसपीजी मिशन विद्यालय खेरवाकोचा से कुछ बिजली के उपकरण चोरी होने की बात सामने आई है। वहीं, दोनों स्कूलों के कार्यालयों में अलमारियों की तलाशी ली गई और सामान बिखरा मिला।हालांकि, चोरों को कोई खास कीमती सामान हाथ नहीं लगा। इस वजह से अब चोरी की घटना के पीछे किसी विशेष उद्देश्य की आशंका भी जताई जा रही है।
पहले भी तीन बार हो चुकी है चोरी, अब फर्जी टीसी की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक, उत्क्रमित उच्च विद्यालय राजाडेरा में इससे पहले भी तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार स्कूल को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता है।
इस बार ग्रामीणों ने चोरी के पीछे एक अलग आशंका जताई है। उनका मानना है कि कहीं विद्यालय के पुराने दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर फर्जी विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र (टीसी) हासिल करने की कोशिश तो नहीं की गई?
ग्रामीणों को संदेह है कि किसी सरकारी प्रक्रिया या अन्य काम में इस्तेमाल करने के लिए स्कूल के रिकॉर्ड को निशाना बनाया गया हो सकता है। हालांकि, दस्तावेजों से छेड़छाड़ या फर्जी टीसी बनाने की साजिश की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, खुलासा होगा तो सामने आएगा असली मकसद
घटना की सूचना मिलने पर अनगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों स्कूलों के कार्यालयों का जायजा लिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरों ने किन-किन अलमारियों की तलाशी ली, कौन से दस्तावेज या सामान गायब हैं और वारदात के बाद नए ताले लगाने के पीछे क्या मंशा थी।
फिलहाल इस अजीबोगरीब चोरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों को कीमती सामान मिला या नहीं, यह अलग बात है, लेकिन स्कूल के दरवाजे पर अपना ताला लगाकर जाने की उनकी हरकत ने सबको जरूर चौंका दिया है। अब पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह सामान्य चोरी थी या स्कूल के दस्तावेजों को निशाना बनाने की कोई बड़ी साजिश।












