गोड्डा में 12 वर्षीय बच्ची का बिना सिर के मिला शव, पुलिस की जांच तेज

Godda : झारखंड के गोड्डा जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची का शव बहियार में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव के साथ बच्ची का सिर नहीं मिला है। इस घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। आशंका है कि देर रात किसी ने उसे घर से बाहर ले गया। सुबह बहियार में शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते पूरे इलाके में घटना की चर्चा फैल गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। बच्ची के साथ हुई इस वारदात के पीछे की वजह और इसमें शामिल व्यक्ति की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अनुसंधान में जुटी है।











