झारखंड : दिवाली पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार शिक्षक की मौत; छुट्टी से जा रहे थे घर

बरही। झारखंड के बरही थाना क्षेत्र में गया रोड स्थित बरही टोल प्लाजा के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रामगढ़ स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, आरा के शिक्षक केशव कुमार गिरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दीपावली की छुट्टी में घर जा रहे थे शिक्षक
जानकारी के अनुसार, केशव कुमार गिरी दीपावली की छुट्टी में अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान बरही टोल प्लाजा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें NHAI की एंबुलेंस से बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आईडी कार्ड से हुई मृतक की पहचान
मृतक के पास मिले आईडी कार्ड के आधार पर उनकी पहचान केशव कुमार गिरी के रूप में हुई। कार्ड में उनके पिता का नाम बिपिन कुमार और पता ऑफिसर क्वार्टर, सी-20, रामगढ़ दर्ज है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
एक घंटे तक सड़क जाम, NHAI पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी और NHAI पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब एक घंटे तक सड़क जाम रखा।प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि डिवाइडर के पास निर्माण कार्य अधूरा है और सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की खामियों को दूर करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।











