Wedding Rituals: विदाई के समय दुल्हन पीछे क्यों फेंकती है चावल? जानिए इस रस्म का धार्मिक महत्व और रूला देगा ये संदेश
हिंदू विवाह में विदाई के समय दुल्हन चावल पीछे क्यों फेंकती है? जानिए अक्षत का धार्मिक महत्व, मायके की खुशहाली और इस भावुक परंपरा के पीछे की मान्यताएं।

धर्म डेस्क। हिंदू विवाह में दुल्हन की विदाई सबसे भावुक पलों में से एक होती है। ये ऐसा पल होता है, जब हर किसी की आंखें नम होती है। बेटी जब अपना मायका छोड़कर नए जीवन की शुरुआत करने निकलती है, तो परिवार की आंखें नम हो जाती हैं। लेकिन इस दौरान निभाई जाने वाली एक परंपरा ऐसी भी है, जिसके पीछे सिर्फ भावनाएं ही नहीं, बल्कि सुख-समृद्धि और पारिवारिक खुशहाली की कामना भी छिपी होती है। आपने अक्सर देखा होगा कि विदाई के समय दुल्हन अपने हाथों से पीछे की ओर चावल फेंकती है। आखिर इस रस्म को निभाने के पीछे क्या मान्यता है और बेटी ऐसा क्यों करती है?
चावल फेंकने की रस्म का क्या है मतलब?
हिंदू विवाह परंपरा में विदाई के समय दुल्हन द्वारा पीछे की ओर चावल फेंकने की रस्म को अलग-अलग क्षेत्रों में अलग नामों और तरीकों से निभाया जाता है। इसे सामान्यतः मायके के प्रति कृतज्ञता और शुभकामनाएं व्यक्त करने का प्रतीक माना जाता है।
पारंपरिक मान्यता के अनुसार, बेटी अपने माता-पिता के घर से विदा होते समय यह संदेश देती है कि जिस परिवार ने उसे प्यार, संस्कार और जीवनभर का सहारा दिया, उस घर में हमेशा खुशहाली बनी रहे। वह अपने पीछे अन्न, समृद्धि और सुख-शांति की कामना छोड़कर नए घर की ओर बढ़ती है।
अक्षत यानी चावल को क्यों माना जाता है शुभ?
हिंदू धार्मिक परंपराओं में चावल को अक्षत के रूप में विशेष महत्व दिया गया है। पूजा-पाठ, विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों में अक्षत का इस्तेमाल शुभता के प्रतीक के रूप में किया जाता है।
चावल को अन्न, संपन्नता और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। धार्मिक मान्यताओं में इसे मां अन्नपूर्णा के आशीर्वाद का प्रतीक भी माना जाता है। यही वजह है कि विदाई के समय चावल फेंकने की रस्म को मायके में कभी अन्न-धन की कमी न होने की मंगलकामना से जोड़ा जाता है।
माता-पिता के प्रति आभार जताने का भावुक तरीका
इस परंपरा का सबसे खूबसूरत पक्ष इसका भावनात्मक अर्थ है। बेटी अपने बचपन का घर छोड़ते समय प्रतीकात्मक रूप से अपने परिवार को शुभकामनाएं देती है।माता-पिता ने जिस घर में उसे पाला-पोसा, शिक्षा दी और जीवन के संस्कार दिए, उस घर से विदा होते समय वह परिवार की खुशहाली की कामना करती है। यही वजह है कि इस रस्म के दौरान कई घरों में भावुक माहौल बन जाता है।
विदाई के समय पीछे मुड़कर क्यों नहीं देखती दुल्हन?
विदाई से जुड़ी एक अन्य परंपरा दुल्हन के पीछे मुड़कर न देखने की भी है। लोकमान्यताओं के अनुसार, इसका भाव यह है कि बेटी अपने मायके की सुख-समृद्धि और खुशियां वहीं छोड़कर जा रही है। वह चाहती है कि उसके जाने के बाद भी माता-पिता के घर में खुशहाली बनी रहे।इस परंपरा को जीवन के नए अध्याय की शुरुआत के रूप में भी देखा जाता है। हालांकि, अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में इस रस्म को निभाने के तरीके और इसके अर्थ अलग हो सकते हैं।
एक रस्म में छिपा है बेटी का पूरे परिवार के लिए आशीर्वाद
दरअसल, दुल्हन का चावल पीछे फेंकना केवल एक विवाह रस्म नहीं, बल्कि मायके के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का सांस्कृतिक प्रतीक है। बेटी नए घर की ओर कदम बढ़ाते हुए अपने पुराने घर के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करती है।यही कारण है कि विदाई के इस छोटे से रिवाज में भावनाओं का एक बड़ा संसार समाया हुआ है। एक बेटी भले ही अपना घर छोड़कर जाती है, लेकिन अपने मायके के प्रति उसका प्रेम और जुड़ाव जीवनभर बना रहता है।
दुल्हन चावल फेंककर करती है ये कामना
दुल्हन द्वारा चावल फेंकना माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान भी माना जाता है. साथ ही ये इस बाद का भी संकेत होता है कि दुल्हन के घर में अन्न की व्यवस्था और अन्नपूर्णा माता आशीर्वाद हमेशा बना रहे. यह रस्म परिवारिक बंधनों और परंपराओं को मजबूत का एक तरीका भी माना जाता है. विदाई के समय दुल्हन अपने मायके के लिए चावल फेंककर अपने माता-पाता और भाई-बहनों के जीवन में हमेशा खुशहाली की कामना करती है। चावल फेंकने की ये रस्म परिवार पर बुरी नजर का प्रभाव कम करने के लिए भी निभाई जाती है. चावल फेंकना दुल्हन के लिए एक भावुक पल होता है. यह पल दुल्हन के नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक भी बताया जाता है।












