झारखंड: पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत, बाइक पर पिता के साथ कॉपी लेने जाने के दौरान हुआ हादसा, ट्रक ने मारी टक्कर

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले से भीषण सड़क हादसे की खबर आ रही है। ट्रक की टक्कर में पिता-पुत्री की मौत हो गयी। हादसा रामगढ़ जिले के कुजू क्षेत्र में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पैंकी बिरसा चौक के समीप तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार पिता-पुत्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 12 वर्षीय बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर फोरलेन सड़क जाम कर दिया।
कॉपी खरीदने जा रहे थे पिता-पुत्री, कंटेनर ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, पैंकी निवासी अरुण ओहदार (40 वर्ष), पिता सहदेव महतो, शनिवार शाम अपनी 12 वर्षीय बेटी मिष्टी कुमारी के साथ बाइक (JH01N-3843) से घर से निकले थे। बताया जाता है कि दोनों कॉपी खरीदने जा रहे थे।इसी दौरान पैंकी बिरसा चौक के पास तेज रफ्तार कंटेनर (UP78LN-7887) अनियंत्रित होकर फोरलेन से नीचे उतर गया और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मिष्टी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरुण ओहदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
रांची रेफर पिता ने भी इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अरुण ओहदार को रांची रोड स्थित एक नर्सिंग होम पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।
हालांकि, इलाज के दौरान अरुण की भी मौत हो गई। एक ही हादसे में पिता और पुत्री की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस घटना से पूरे पैंकी गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया फोरलेन जाम
पिता-पुत्री की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मिष्टी के शव के साथ पैंकी फोरलेन को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक परिवार के लिए मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर घटनास्थल पर डटे रहे।
सड़क जाम होने के कारण फोरलेन के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इसके अलावा पुराना एनएच-33 के सांडी मार्ग पर भी वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा
घटना की सूचना मिलने के बाद कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शव हटाने और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
प्रखंड और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण शव के साथ घटनास्थल पर डटे हुए थे और सड़क जाम समाप्त कराने के प्रयास जारी थे।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस पिता के साथ बेटी कॉपी खरीदने निकली थी, दोनों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।












