झारखंड में होली के दौरान कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग ने दिया संकेत, जानिये मार्च के पहले सप्ताह तक के मौसम का हाल
What will the weather be like in Jharkhand during Holi? The Meteorological Department has issued a warning, and you can find out what the weather will be like until the first week of March.

झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। न्यूनतम तापमान में गिरावट और फिर बढ़ोतरी के बीच लोगों को सर्दी-गर्मी दोनों का अनुभव हो रहा है। मौसम विभाग ने फरवरी के अंत तक तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है।
________________________________________
Jharkhand Weather News/16.2.26 : झारखंड मे मौसम का उतार चढ़ाव बना हुआ है। दिन का तापमान बढ़ रहा है, तो रात होते ही तापमान में गिरावट दर्ज होती है। ऐसे में कुछ लोग होली के दौरान मौसम का हाल जानना चाह रहे हैं। झारखंड में अभी के मौसम की बात करें तो राज्य में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। ठंड का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, वहीं दिन के समय हल्की गर्मी का एहसास भी होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक होली में इस बार मौसम मिला जुला रहेगा। हल्की ठंड होली के दौरान रहेगी। बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग का कहना है कि बादल छंटने के बाद 15 फरवरी को रात का तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ेगा।मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
राजधानी रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट देखी गई, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। विशेषज्ञों का मानना है कि शनिवार को भी न्यूनतम पारे में हल्की गिरावट जारी रह सकती है।

हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि 16 फरवरी से न्यूनतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू होगी। इससे लोगों को ठंड से राहत मिलने की संभावना है और दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास बढ़ेगा। पूर्वानुमान के अनुसार 17 फरवरी तक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। शुक्रवार को चाईबासा का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया।
पिछले एक सप्ताह के दौरान मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिला है। फरवरी की शुरुआत में बादल छाए रहने के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। लेकिन 5 फरवरी के बाद आसमान साफ होते ही तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आई और ठंड का असर फिर बढ़ गया। इसके बाद 11 और 12 फरवरी को दोबारा बादल छाने से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते फरवरी के तीसरे और चौथे सप्ताह में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं। वहीं महीने के अंत तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो फरवरी में तापमान में इस तरह का उतार-चढ़ाव सामान्य प्रवृत्ति का हिस्सा रहा है।विशेषज्ञों का कहना है कि होली तक मौसम में इसी तरह का बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह और रात में हल्की ठंड, जबकि दोपहर में हल्की गर्मी का मिश्रित असर बना रहेगा।








