Crime News: छुट्टी से पहले स्कूल पहुंचा प्रेमी, शिक्षिका को गोली मारने के बाद खुद को भी मारी गोली
Lakhimpur Kheri के चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या के बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Crime News। आशिक पर इस कदर खून सवार हुआ कि स्कूल में घुसकर शिक्षिका को गोली मार दी। स्कूली बच्चों के सामने स्कूल में हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गयी। इधर सनकी आशिक ने खुद को भी उड़ा लिया। मामला उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी का है, जहां स्कूल के भीतर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। चिल्ड्रंस एकेडमी स्कूल में एक युवक ने महिला शिक्षिका को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
दोनों की मौके पर मौत हो गई। वारदात के वक्त स्कूल में बच्चे और स्टाफ मौजूद थे, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।मृत शिक्षिका की पहचान निशात फातिमा के रूप में हुई है, जबकि युवक की पहचान मोहम्मद सऊद अंसारी के रूप में बताई जा रही है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच पहले से जान-पहचान होने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और हथियार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
छुट्टी से पहले बैग लेकर स्कूल पहुंचा युवक
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने से पहले करीब 28 वर्षीय सऊद हथियार लेकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि हथियार उसके बैग में था।स्कूल के अंदर पहुंचने के बाद उसने शिक्षिका निशात फातिमा से बातचीत की। इसके बाद दोनों स्कूल की दूसरी मंजिल पर पहुंचे। वहां किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और युवक ने शिक्षिका पर गोली चला दी।
दो गोलियां चलने के बाद खुद को भी मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक ने शिक्षिका पर एक के बाद एक दो गोलियां चलाईं। गोली लगने से शिक्षिका जमीन पर गिर गईं।इसके बाद आरोपी ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने के बाद दोनों की मौत हो गई।पुलिस अभी घटना की पूरी परिस्थितियों और गोली चलाने के कारणों की जांच कर रही है।
बच्चों के सामने गोली चलने से स्कूल में मची भगदड़
गोली चलने की आवाज से स्कूल में मौजूद बच्चों और स्टाफ में दहशत फैल गई। अचानक हुई फायरिंग के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई।
ब्रेकअप से नाराजगी की बात, पुलिस कर रही जांच
शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आ रही है कि युवक और शिक्षिका एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। कुछ रिपोर्टों में ब्रेकअप के बाद युवक के नाराज होने की बात कही गई है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक स्कूल के अंदर किस तरह पहुंचा और उसके पास मौजूद हथियार कहां से आया।
SSP और DM भी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी और जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।पुलिस अब घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ स्कूल में लगे कैमरों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी भी खंगाल रही है। मामले में आगे की जांच के आधार पर ही वारदात की पूरी तस्वीर साफ होगी।












