close
LIVE UPDATE

हेमंत कैबिनेट का बड़ा फैसला: अब खिलाड़ियों को पेंशन देगी सरकार, पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 30000 रुपया मिलेगा, इन फैसलों पर भी हरी झंडी

Hemant cabinet's big decision: The government will now provide pension to athletes, medal-winning athletes will receive ₹30,000, and these decisions have also been approved.

रांची/25.2.26। हेमंत कैबिनेट ने खिलाड़ियों के हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार पेंशन देगी। खेल विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर विचार किया गया, जिनमें से 22 प्रस्तावों को सहमति प्राप्त हुई, जबकि एक प्रस्ताव को स्थगित कर दिया गया। खेलकूद विभाग की ओर से प्रस्तुत पेंशन योजना के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा के बाद कैबिनेट ने इसे हरी झंडी दे दी।

कैबिनेट फैसले के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के स्तर के आधार पर मासिक पेंशन प्रदान की जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार न्यूनतम 12 हजार रुपये और अधिकतम 30 हजार रुपये तक पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। यह पेंशन योजना उन खिलाड़ियों के लिए राहत और सम्मान का प्रतीक मानी जा रही है, जिन्होंने राज्य और देश का नाम रोशन किया है, लेकिन खेल करियर के बाद आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

कैबिनेट की बैठक में एक और अहम प्रस्ताव पर भी सहमति दी गई। केंद्र प्रायोजित योजना के अंतर्गत रांची साइंस सेंटर को साइंस सिटी सेंटर के रूप में अपग्रेड करने की योजना को मंजूरी मिली। इस परियोजना की अनुमानित लागत 256 करोड़ रुपये आंकी गई है। वित्तीय साझेदारी के मॉडल के तहत 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार द्वारा वहन की जाएगी, जबकि शेष 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार देगी।

रांची साइंस सेंटर के उन्नयन से विज्ञान शिक्षा, नवाचार और शोध के क्षेत्र में राज्य को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद प्रस्तावित अपग्रेडेशन के बाद यहां अत्याधुनिक प्रदर्शनी, इंटरैक्टिव लर्निंग जोन, डिजिटल विज्ञान गैलरी तथा छात्रों के लिए विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम विकसित किए जाएंगे। इससे न केवल विद्यार्थियों और शोधार्थियों को लाभ मिलेगा, बल्कि विज्ञान के प्रति आमजन में जागरूकता भी बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *