झारखंड: दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप, विवाहिता ने पति समेत 4 ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज कराई FIR
Jharkhand: Alleging dowry harassment, a married woman filed an FIR against her husband and four in-laws.

रामगढ़। दहेज प्रताड़ना के मामले में चार लोगों पर FIR दर्ज कराई गई है। रामगढ़ थाना क्षेत्र के नईसराय में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार लोगों को नामजद आरोपी बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता नगमा प्रवीण ने अपने पति मो. शाहीद, ससुर मो. असलम, देवर मो. वारिस और सास सकीला बानो के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि लंबे समय से उसे दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
इस मामले में शिकायत के अनुसार, 29 मई की रात करीब 9 बजे पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। महिला का कहना है कि इस घटना में उसके सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर उसके मायके वाले ससुराल पहुंचे, जहां विवाद और बढ़ गया।
महिला ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसकी आंख के नीचे गंभीर चोट आई। पीड़िता का कहना है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था।
नगमा प्रवीण ने अपने आवेदन में बताया कि वर्ष 2017 में उसका निकाह मो. शाहीद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के लगभग एक साल बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और तलाक देने की धमकी दी जाती थी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसका मोबाइल फोन ससुराल पक्ष के लोगों ने अपने कब्जे में रख लिया है। उसने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
रामगढ़ थाना पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









