झारखंड को मिला नया एडवोकेट जेनरल: अधिवक्ता रोहितश्य रॉय ने संभाला पदभार, राजीव रंजन के इस्तीफे के बाद सरकार ने लिया बड़ा फैसला, जानिए कौन है रोहितश्य रॉय?
Jharkhand gets a new Advocate General: Advocate Rohitashya Roy assumes office; government takes major decision following Rajiv Ranjan's resignation.

रांची/15.6.26: झारखंड के कानूनी महकमे से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितश्य रॉय को झारखंड का नया महाधिवक्ता (Advocate General) नियुक्त किया गया है। सोमवार को उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट परिसर स्थित महाधिवक्ता कार्यालय में औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
पदभार संभालते ही नए महाधिवक्ता को बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस दौरान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और वकीलों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
सरकार का बड़ा फैसला
रोहितश्य रॉय की यह नियुक्ति राज्य के कानूनी गलियारे में एक बड़े बदलाव के रूप में देखी जा रही है। दरअसल, पूर्व महाधिवक्ता राजीव रंजन ने रविवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। इसके तुरंत बाद हरकत में आई राज्य सरकार ने त्वरित निर्णय लेते हुए रोहितश्य रॉय के नाम पर मुहर लगाई। रविवार देर शाम ही उनकी नियुक्ति की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई थी।

कौन हैं नए महाधिवक्ता रोहितश्य रॉय?
कानूनी क्षेत्र में रोहितश्य रॉय की पहचान एक बेहद अनुभवी और गंभीर अधिवक्ता के रूप में होती है। न्याय व्यवस्था और पेचीदा कानूनी मामलों पर उनकी मजबूत पकड़ की वजह से बार और बेंच, दोनों ही वर्गों में उनका गहरा सम्मान है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि: 14 मई 1980 को जन्मे रोहितश्य रॉय रांची के ही प्रसिद्ध अधिवक्ता स्वर्गीय वीरेन्द्र नाथ राय (जिन्हें कानूनी हलकों में लोग ‘बीरू बाबू’ के नाम से जानते थे) के पुत्र हैं।
शिक्षा: उनकी शुरुआती पढ़ाई रांची के प्रतिष्ठित संत जेवियर स्कूल, डोरंडा से हुई। छात्र जीवन से ही कानून और सामाजिक मुद्दों में उनकी गहरी रुचि थी।
कानूनी सफर: उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय के विख्यात सिम्बायोसिस लॉ कॉलेज से विधि की पढ़ाई की और साल 2003 में एलएलबी की डिग्री हासिल की। इसी साल (2003) उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में वकालत की शुरुआत की थी। अपनी कड़ी मेहनत और धारदार कानूनी समझ के दम पर उन्होंने बहुत कम समय में राज्य के शीर्ष वकीलों में अपनी जगह बना ली।
झारखंड न्यायिक व्यवस्था में होंगे अहम बदलाव
अब राज्य के सर्वोच्च कानूनी अधिकारी के रूप में रोहितश्य रॉय पर सरकार के महत्वपूर्ण और संवेदनशील कानूनी मामलों को कोर्ट में रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। कानूनी जानकारों का मानना है कि उनकी यह नियुक्ति झारखंड की न्यायिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक बदलाव लेकर आएगी।









