अग्निवीरों की नौकरी को लेकर बड़ा अपडेट, सेवा खत्म होने से पहले खुलेगा अगला रास्ता; 25% की मेरिट भी पहले आएगी
अग्निपथ योजना के पहले बैच की सेवा जनवरी 2027 में पूरी होगी। सरकार अग्निवीरों के लिए विशेष रोजगार पोर्टल और 25% चयन की मेरिट पहले जारी करने की तैयारी कर रही है।

Agniveer Scheme: चार साल की नौकरी के बाद अग्निवीरों की चिंताएं अब दूर होने वाली है। सरकार उनकी सेवा सुरक्षा की प्रयास में जुटी है। अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों के पहले बैच की चार साल की सेवा पूरी होने का समय करीब आ गया है। जनवरी 2027 में 19 हजार से ज्यादा अग्निवीर अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।
इससे पहले ही सरकार उनके आगे के रोजगार की व्यवस्था को लेकर नई तैयारी में जुट गई है।रक्षा मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सरकार एक विशेष रोजगार पोर्टल तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य सेना से बाहर होने वाले अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों, पुलिस और दूसरे सरकारी विभागों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
सेवा खत्म होने का इंतजार नहीं, पहले से तैयार होगा अगला रास्ता
नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह है कि अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी करने के बाद नौकरी तलाशने के लिए अलग से लंबी प्रक्रिया से न गुजरना पड़े। प्रस्तावित पोर्टल के जरिए अलग-अलग सरकारी विभागों और सुरक्षा बलों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी और भर्ती प्रक्रिया को एक जगह लाने की योजना है।सरकार की कोशिश है कि अग्निवीरों की सेवा समाप्त होने तक उनके लिए आगे के रोजगार के विकल्प स्पष्ट हो जाएं।
25% अग्निवीरों की मेरिट पहले जारी करने की तैयारी
अग्निपथ योजना के मौजूदा नियमों के तहत प्रत्येक बैच के 25 प्रतिशत अग्निवीरों को सेना में नियमित कैडर में शामिल किया जाता है। अब इन अग्निवीरों की मेरिट सूची भी सेवा अवधि पूरी होने से पहले जारी करने की तैयारी है।इसके लिए सेना के भीतर परीक्षा और प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अगर यह व्यवस्था लागू होती है तो चयनित अग्निवीरों को चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद दोबारा भर्ती प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
75% अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरियों पर फोकस
हर बैच के बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद सेना से बाहर होना होता है। इन्हीं अग्निवीरों के लिए सरकार रोजगार के विकल्पों को व्यवस्थित करने पर जोर दे रही है।प्रस्तावित पोर्टल के जरिए अर्धसैनिक बलों, पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में उपलब्ध पदों की जानकारी और भर्ती के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
BSF से CRPF तक पहले से हैं आरक्षण के प्रावधान
पूर्व अग्निवीरों के लिए कई सुरक्षा बलों में पहले से ही आरक्षण और कुछ चयन संबंधी छूट के प्रावधान किए गए हैं। इनमें BSF, CRPF, CISF, ITBP और असम राइफल्स जैसे बल शामिल हैं।इसके अलावा रेलवे और कुछ अन्य सरकारी विभागों में भी पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण या प्राथमिकता से जुड़े प्रावधान मौजूद हैं। नई व्यवस्था इन्हीं अवसरों तक पहुंच को आसान बनाने की दिशा में एक कदम हो सकती है।
जनवरी 2027 में सामने आएगी पहली बड़ी तस्वीर
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों का पहला बैच जनवरी 2027 में चार साल की सेवा पूरी करेगा। इस बैच में 19 हजार से ज्यादा अग्निवीर बताए जा रहे हैं।पहले बैच के सेवा से बाहर होने से पहले सरकार रोजगार और पुनर्वास की व्यवस्था को तैयार करने पर काम कर रही है। आने वाले समय में विशेष पोर्टल और 25 प्रतिशत अग्निवीरों की मेरिट से जुड़ी व्यवस्था पर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।











