JEE Main 2027: परीक्षा केंद्र चुनने में अब नहीं चलेगी मनमर्जी! NTA ने बदले नियम, फॉर्म भरने से पहले जान लें ये जरूरी बातें
JEE Main 2027 के लिए NTA ने परीक्षा शहर चयन के नियम बदले। अब 310 शहरों में होगी परीक्षा। जानें चार शहरों के विकल्प, आवेदन की अंतिम तारीख और जरूरी निर्देश।

JEE Main 2027 Exam City Selection Rules: जेईई मेन 2027 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया के बीच एक अहम बदलाव सामने आया है। अब परीक्षा केंद्र का शहर चुनना केवल पसंद का मामला नहीं रह गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा शहरों के चयन को लेकर नई शर्तें लागू की हैं, जिनका सीधा असर अभ्यर्थियों के आवेदन पर पड़ सकता है। खास बात यह है कि छात्र अपने स्थायी या मौजूदा पते से जुड़े राज्य के शहरों को ही प्राथमिकता के रूप में चुन सकेंगे। वहीं, परीक्षा शहरों की कुल संख्या भी घटा दी गई है। ऐसे में आवेदन करते समय एक छोटी सी चूक परीक्षा केंद्र आवंटन को लेकर परेशानी बढ़ा सकती है।
अब पते के आधार पर चुनना होगा परीक्षा शहर
जेईई मेन 2027 सेशन-1 के लिए एनटीए ने परीक्षा शहर चुनने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, अभ्यर्थियों को अपने स्थायी पते (Permanent Address) या वर्तमान निवास (Present Address) वाले राज्य में उपलब्ध परीक्षा शहरों में से विकल्प चुनने होंगे।
यानी छात्र अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी राज्य के चार शहरों का चयन नहीं कर सकेंगे। उन्हें आवेदन में दर्ज पते के आधार पर उपलब्ध विकल्पों में से ही प्राथमिकता तय करनी होगी।
यदि किसी राज्य में चार परीक्षा शहर उपलब्ध नहीं हैं, तो एनटीए प्रशासनिक जरूरत और अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए दूसरे राज्यों के शहरों का विकल्प भी उपलब्ध करा सकता है।
चार विकल्प देने होंगे, लेकिन पहला शहर मिलने की गारंटी नहीं
आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के क्रम में चार परीक्षा शहर भरने होंगे। एनटीए की कोशिश रहेगी कि उम्मीदवार को उसकी पहली प्राथमिकता वाला शहर आवंटित किया जाए।
हालांकि, परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता, प्रशासनिक व्यवस्था और लॉजिस्टिक परिस्थितियों के आधार पर दूसरी पसंद का शहर भी मिल सकता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि एक बार परीक्षा शहर आवंटित हो जाने के बाद उसमें बदलाव की मांग स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसलिए छात्रों को शहरों का चयन करते समय केवल सुविधा ही नहीं, बल्कि यात्रा की दूरी और वहां पहुंचने की व्यवस्था का भी ध्यान रखना चाहिए।
विदेश में रहने वाले छात्रों के लिए भी बदला नियम
भारत के बाहर रहने वाले भारतीय और अन्य अभ्यर्थियों के लिए भी एनटीए ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। ऐसे उम्मीदवारों को आवेदन करते समय भारत के कम से कम एक परीक्षा शहर का विकल्प देना अनिवार्य होगा।
उन्हें अपनी यात्रा की सुविधा और व्यक्तिगत परिस्थितियों के अनुसार शहरों का चयन करना होगा। परीक्षा शहर आवंटित होने के बाद उसे बदलने का विकल्प नहीं मिलेगा।
परीक्षा शहरों की सूची से 13 नाम कम, अब 310 शहरों में होगी परीक्षा
जेईई मेन 2027 सेशन-1 के परीक्षा केंद्रों की सूची में भी बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार एनटीए ने कुल 310 शहरों को शामिल किया है। इनमें 301 शहर भारत में और 9 शहर विदेश में हैं।
पिछले वर्ष परीक्षा शहरों की संख्या 323 थी। इस तरह इस बार सूची में 13 शहर कम कर दिए गए हैं।
नई सूची में कुछ नए शहरों को शामिल किया गया है, जबकि कई पुराने शहरों को बाहर कर दिया गया है।
नए शामिल किए गए शहरों में प्रमुख नाम:
कालाहांडी और सुंदरगढ़ (ओडिशा)
साहिबजादा अजीत सिंह नगर (पंजाब)
सूची से हटाए गए शहरों में प्रमुख नाम:
हिसार
खंडवा
आसनसोल
इसके अलावा आंध्र प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के कुछ शहरों को भी परीक्षा केंद्रों की सूची से हटाया गया है।
विदेशी केंद्रों में भी कटौती हुई है। सिंगापुर, कुआलालंपुर, लागोस, वॉशिंगटन डीसी और म्यूनिख जैसे शहर इस बार उपलब्ध सूची में नहीं हैं।
बिहार के छात्रों को इन शहरों में मिलेंगे परीक्षा केंद्र
बिहार के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहरों के कई विकल्प उपलब्ध हैं। पटना के अलावा राज्य के अन्य शहरों को भी परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल किया गया है।
इनमें आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, समस्तीपुर और सारण प्रमुख हैं।
इससे राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है।
आवेदन में इन गलतियों से बचना जरूरी, वरना बढ़ सकती है परेशानी
एनटीए ने परीक्षा शहर चयन के साथ रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को लेकर भी कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को आवेदन भरते समय निम्न बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
1. अपना अकाउंट इस्तेमाल करें: आवेदन के लिए व्यक्तिगत डिजिलॉकर, जन परिचय या ई-प्रमाण अकाउंट का ही उपयोग करें। किसी दूसरे व्यक्ति के अकाउंट से आवेदन करने पर बायोमेट्रिक सत्यापन में परेशानी हो सकती है।
2. डिजिलॉकर की री-केवाईसी करें: आवेदन से पहले डिजिलॉकर पर री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि व्यक्तिगत जानकारी अपडेट रहे।
3. दस्तावेजों से मिलाएं नाम: आवेदन फॉर्म में उम्मीदवार का नाम, माता-पिता का नाम और जन्मतिथि कक्षा 10वीं के प्रमाणपत्र या मार्कशीट के अनुसार ही भरें।
4. चार शहरों का विकल्प सावधानी से चुनें: परीक्षा केंद्र आवंटित होने के बाद शहर बदलने का मौका नहीं मिलेगा। इसलिए प्राथमिकता तय करते समय यात्रा की सुविधा का ध्यान रखें।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
जेईई मेन 2027 सेशन-1 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार आवेदन की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 है। बिना विलंब शुल्क के निर्धारित समयसीमा में फॉर्म जमा करना जरूरी है। परीक्षा जनवरी 2027 में आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें। फॉर्म सबमिट करने से पहले व्यक्तिगत विवरण, दस्तावेज और परीक्षा शहरों के विकल्प दोबारा जांच लें।












