रांची रेलवे स्टेशन से अगवा 4 वर्षीय बच्चा साहिबगंज से बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता
रांची रेलवे स्टेशन से अगवा 4 वर्षीय बच्चा बरामद, साहिबगंज के तीनपहाड़ से 5 आरोपी गिरफ्तार

रांची। रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से 24 सितंबर की सुबह अगवा किए गए 4 वर्षीय बच्चे को रांची पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई थी जब बच्चे की मां मौके पर मौजूद नहीं थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी।
तकनीकी जांच और खुफिया सूचना से मिला बड़ा सुराग
विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ मानवीय गुप्तचर तंत्र के माध्यम से लगातार सुराग जुटाए। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण इनपुट के आधार पर पुलिस ने 26 सितंबर की रात अलग-अलग स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया।इस दौरान धनबाद पुलिस के सहयोग से एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद प्राप्त सूचना के आधार पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ में छापेमारी की गई, जहां से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
तीनपहाड़ से सुरक्षित मिला मासूम
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 4 वर्षीय अपहृत बच्चे को तीनपहाड़ से सकुशल और सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चे को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और बच्चे के अपहरण के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत अनुसंधान जारी है।
कई जिलों की पुलिस ने मिलकर चलाया ऑपरेशन
रांची पुलिस के इस अभियान में धनबाद पुलिस, जामताड़ा पुलिस, साहिबगंज पुलिस और पुलिस महानिरीक्षक (IG), संथाल परगना का विशेष सहयोग रहा। देर रात तक चले अभियान में विभिन्न जिलों की पुलिस इकाइयों ने आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई की।
रांची पुलिस ने इस सफल कार्रवाई में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई विभिन्न जिलों के बीच बेहतर अंतर-जिला समन्वय और त्वरित पुलिसिंग का उदाहरण है।
नोट: HPBL आप सभी से आग्रह करती है कि भीड़ भाड़ वाले सार्वजनिक क्षेत्र में अपने बच्चों का ध्यान रखें।












