देवघर में गजब हो गया- कैश निकालने का टाइम नहीं था! चोर ATM ही उखाड़ ले भागे: रस्सी बांधी, कार लगाई और 500 मीटर घसीटकर मशीन ही ले उड़े!

देवघर: आपने ATM से पैसे निकालने जाने की खबरें तो सुनी ही होगी, लेकिन क्या कभी सुना है कि पैसा निकालने के लिए कोई पूरा का पूरा एटीएम ही अपने साथ ले भागा। हैरान करने वाला ये मामला झारखंड के देवघर में हुआ है, जहां चोरों ने ऐसा कारनामा कर दिया कि पुलिस भी सोचने पर मजबूर हो गयी!
झारखंड के देवघर में शटर तोड़कर ATM को कार से बांधकर खींचकर ले गए चोर… https://t.co/jrSKZrIMNW
— Gaurav Kumar (@gaurav1307kumar) October 6, 2026
देवघर नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ मोहल्ले में सेवा धाम के पास मंगलवार की अहले सुबह करीब 3:30 बजे बदमाशों ने SBI का पूरा ATM ही उखाड़ लिया और चलते बने। बताया जा रहा है कि वारदात को करीब सात बदमाशों ने अंजाम दिया।
पहले शटर काटा, फिर ATM को सड़क पर घसीटा
CCTV फुटेज के मुताबिक, बदमाश पहले ATM कक्ष के शटर को क्षतिग्रस्त करते हैं। इसके बाद गैस कटर की मदद से मशीन को बाहर निकाला गया। फिर मशीन को रस्सी से बांधा गया और कार की मदद से करीब 500 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले जाया गया।
यानी चोरों ने साफ कर दिया कि उन्हें सिर्फ ATM का कैश नहीं चाहिए था, मशीन समेत पूरा पैकेज चाहिए था।कुछ दूर सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद ATM मशीन को चारपहिया वाहन, बताया जा रहा है कि इनोवा, में लादा गया और बदमाश फरार हो गए।
न गार्ड दिखा, न हूटर ने आवाज लगाई
घटना ने ATM की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में ATM बंद कर दिया जाता है और वहां सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं रहती।
ATM कक्ष में CCTV कैमरा और हूटर लगा होने की बात कही जा रही है। लेकिन मजेदार बात यह है कि चोर ATM उखाड़कर ले गए और हूटर साहब को शायद इसकी भनक तक नहीं लगी।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वारदात के दौरान हूटर ने काम क्यों नहीं किया।
ATM में कितना कैश था? मशीन गई, हिसाब बाकी
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस ATM को चोर उठाकर ले गए, उसमें उस वक्त कितनी रकम मौजूद थी?फिलहाल इसका जवाब बैंक या ATM में कैश डालने वाली एजेंसी से ही मिल पाएगा। आशंका है कि मशीन में बड़ी रकम हो सकती है।
घटना की सूचना SBI के ATM कंट्रोलिंग ऑफिस, पटना से स्थानीय पुलिस को दी गई। इसके बाद PCR टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल देवघर पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ चोरों को पकड़ने की नहीं है, बल्कि यह पता लगाने की भी है कि इतनी बड़ी ATM मशीन आखिर इतनी आसानी से सड़क पर घसीटकर कैसे ले जाई गई और सुरक्षा व्यवस्था को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी।









