Bokaro News: चॉकलेट मांगने पर मामा ने थमा दी पिस्तौल! गोली लगने से साढ़े तीन साल के साहिल की हुई मौत, आरोपी फरार
गोली लगने से साढ़े तीन साल के साहिल की मौत, मामा फरार

बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में गोली लगने से साढ़े तीन साल के मासूम साहिल राम की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्चा अपने मामा से चॉकलेट मांग रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसके मामा राजेश कुमार ने उसे खेलने के लिए पिस्तौल दे दी। कुछ ही देर में गोली चल गई और मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया पर बच्चे को बचाया नहीं जा सका।
चॉकलेट मांग रहा था मासूम, तभी हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6 बजे यह घटना हुई। बच्चे की मां के मुताबिक, उनके भाई राजेश कुमार घर आए थे। इसी दौरान साहिल ने उनसे चॉकलेट मांगी। इसपर बच्चे के मामा ने कहा कि मैं तेरे लिए खिलौना लाया हूं, इसके बाद मामा ने बच्चे को चॉकलेट देने के बजाय खेलने के लिए पिस्तौल थमा दी।
इसी दौरान अचानक गोली चल गई और साहिल को गोली लग गई। घटना के बाद परिजन बच्चे को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
दो अस्पतालों में ले गए परिजन, नहीं बची जान
गोली लगने के बाद साहिल को पहले बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उसे चास स्थित मुस्कान अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। महज साढ़े तीन साल के बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आरोपी मामा फरार, पुलिस कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद माराफारी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, बच्चे की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी राजेश कुमार की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
प्रारंभिक रिपोर्टों में हथियार को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि हथियार किसका था और घटना किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसी भी असली हथियार को बच्चों की पहुंच से दूर रखना बेहद जरूरी है। एक कथित लापरवाही ने परिवार की खुशियां छीन लीं और एक मासूम की जिंदगी खत्म हो गई। ऐसे में HPBL आप सभी से आग्रह करता है कि बच्चे को हथियार से दूर रखें।












