झारखंड-15 कर्मचारी होंगे बर्खास्त : लापरवाही व ड्यूटी से गायब कर्मचारियों पर गिरेगी गाज, 15 कर्मचारियों की होगी छुट्टी, वेटिंग अभ्यर्थियों की होगी ज्वाइनिंग
Jharkhand: 15 employees to be dismissed — action to be taken against those guilty of negligence or unauthorized absence from duty; 15 employees will be let go, and candidates from the waiting list will be brought on board.

चाईबासा। झारखंड में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई हुई है। 15 कर्मचारियों की छुट्टी की तैयारी है। मामला पश्चिमी सिंहभूम जिले से जुड़ा है। कामों में लापरवाही, लगातार अनुपस्थिति और नियुक्ति के बाद योगदान नहीं देने के मामलों में 15 ग्राम रोजगार सेवकों को सेवा से हटाने का निर्णय लिया गया है। अभ इनके स्थान पर दिसंबर 2025 में तैयार प्रतीक्षा सूची से 15 नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी। जिला प्रशासन ने यह कदम विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत संविदा पर नियुक्त ग्राम रोजगार सेवकों के कार्यों की समीक्षा के बाद उठाया है।
योगदान नहीं देने वाले छह अभ्यर्थियों पर कार्रवाई
जिला प्रशासन के अनुसार, दिसंबर 2025 में ग्राम रोजगार सेवक के पद पर संविदा नियुक्ति के लिए 23 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए थे। इनमें से छह अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र मिलने के बावजूद जिले में योगदान नहीं दिया। ऐसे अभ्यर्थियों को सेवा से हटाने का निर्णय लिया गया है।
पांच प्रखंडों में सात ग्राम रोजगार सेवक अनुपस्थित
प्रशासनिक समीक्षा के दौरान विभिन्न प्रखंडों में पदस्थापित सात ग्राम रोजगार सेवक लगातार अपने निर्धारित कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इनमें जगन्नाथपुर के एक, हाटगम्हरिया के दो, नोवामुंडी के एक, कुमारडुंगी के एक और टोंटो प्रखंड के दो ग्राम रोजगार सेवक शामिल हैं।
इसके अलावा, सदर चाईबासा प्रखंड में पदस्थापित दो ग्राम रोजगार सेवकों के कार्यों की समीक्षा में निर्धारित संकेतकों के अनुरूप प्रगति नहीं पाई गई। प्रशासन ने कार्य निष्पादन में कमी को भी कार्रवाई का आधार बनाया है।
प्रतीक्षा सूची से भरे जाएंगे रिक्त पद
जिला प्रशासन अब दिसंबर 2025 में तैयार प्रतीक्षा सूची के आधार पर 15 नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति करेगा। इसका उद्देश्य रिक्त पदों को भरना और ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्राम रोजगार सेवकों को अपने निर्धारित कार्यस्थल पर नियमित उपस्थिति दर्ज करानी होगी। साथ ही, उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में प्रगति सुनिश्चित करनी होगी।
ग्रामीण विकास योजनाओं में लापरवाही पर सख्ती
जिला प्रशासन ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दे रहा है। अधिकारियों का उद्देश्य योजनाओं के कामकाज में आ रही बाधाओं को दूर करना और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करना है।
15 ग्राम रोजगार सेवकों को सेवा से हटाने और प्रतीक्षा सूची से नए अभ्यर्थियों की नियुक्ति का निर्णय इसी दिशा में उठाया गया कदम है। इससे ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में तेजी आने और कार्य व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।











