LPG Price Cut: जुलाई के पहले दिन बड़ी राहत, गैस सिलेंडर 183.50 रुपये तक हुआ सस्ता, जानिए नए रेट
जुलाई 2026 की शुरुआत में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में ₹183.50 तक की कटौती की है। दिल्ली, लखनऊ और कोलकाता सहित कई शहरों में नए रेट लागू हो गए हैं, जबकि घरेलू 14.2 किलो गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

LPG Cylinder Price। जुलाई महीने की शुरुआत राहत भरी खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने 1 जुलाई 2026 से LPG सिलेंडर की कीमत कम कर दी है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में ₹183.50 तक की कटौती कर दी है। नई कीमतें बुधवार से पूरे देश में लागू हो गई हैं। इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग, मिठाई की दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा लाभ मिलेगा।हालांकि, आम उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये अपने पुराने दामों पर ही मिलेंगे।
दिल्ली में सबसे ज्यादा राहत
राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की गई है। इसके बाद सिलेंडर का नया रेट ₹2,930 हो गया है, जबकि पहले इसकी कीमत 3,113.50 रूपये थी।यह कटौती उन व्यापारियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है जो रोजाना बड़ी मात्रा में गैस का उपयोग करते हैं। लगातार बढ़ती लागत के बीच यह कमी उनके परिचालन खर्च को कम करने में मदद करेगी।
लखनऊ में भी घटे दाम
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में ₹183.50 की कमी की गई है। पहले यहां 19 किलो वाला सिलेंडर ₹3,236 में मिलता था, जो अब ₹3,052.50 में उपलब्ध होगा।
कोलकाता में ₹174 की कटौती
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम ₹174 घटाए गए हैं। इसके बाद यहां 19 किलो वाला सिलेंडर ₹3,255.50 से घटकर ₹3,081.50 का हो गया है।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
इस बार भी 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी घरेलू उपभोक्ताओं को पहले की तरह ही पुराने रेट पर गैस सिलेंडर खरीदना होगा।हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इस बार केवल कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में संशोधन किया गया है, जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे गए हैं।
इस साल पहली बार मिली राहत
साल 2026 में पहली बार कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में कमी की गई है। इससे पहले पूरे वर्ष कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।जनवरी 2026 में दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत करीब ₹1,691.50 थी। इसके बाद मार्च में दो बार कीमतें बढ़ीं। 1 मार्च को ₹28 और 7 मार्च को ₹114.50 की वृद्धि की गई।इसके बाद मई महीने में कीमतों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई। एक ही बार में करीब ₹993 की वृद्धि के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹3,071.50 तक पहुंच गई। वहीं 1 जून को भी इसमें ₹42 की बढ़ोतरी की गई थी। अब जुलाई में पहली बार कीमतों में बड़ी राहत दी गई है।
होटल और रेस्टोरेंट कारोबार को मिलेगा फायदा
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत घटने का सबसे बड़ा फायदा होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, बेकरी, मिठाई दुकानों और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों को मिलेगा। गैस उनके संचालन का प्रमुख खर्च होती है, इसलिए कीमत कम होने से उनकी लागत में कमी आएगी। इससे आने वाले समय में खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी कुछ हद तक सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।
क्या आम लोगों को मिलेगी राहत?
हालांकि कमर्शियल सिलेंडर सस्ता हुआ है, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होने से आम उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत का इंतजार करना होगा। अब लोगों की नजर अगले महीने होने वाली मूल्य समीक्षा पर रहेगी कि घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव होता है या नहीं।









