रांची: उधार वापस मांगा, तो मार दी गोली, फिर रेलवे ट्रैक पर फेंक दी बॉडी, इबरार मर्डर केस में बड़ा खुलासा, 2.50 लाख रुपया बना काल
Ranchi: When he asked for his loan back, he was shot and then his body was thrown on the railway track. A major revelation in the Ibrar murder case: Rs 2.50 lakh proved fatal.

रांची। उधार दिये अपने ही पैसे की कीमत जान देकर इबरार को चुकानी पड़ी। पूरा मामला रांची जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र का है, जहां इबरार अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पूरी वारदात ढाई लाख रुपये उधार की रकम वापस मांगने को लेकर हुई थी। पैसा ना देना पड़े, इसलिए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इबरार की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया।
पुलिस ने खुलासा किया है कि यह हत्या किसी पुरानी रंजिश या गैंगवार का नहीं, बल्कि महज ढाई लाख रुपये के लेनदेन के विवाद का नतीजा निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा बार-बार पैसे वापस मांगने से नाराज होकर आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम तक पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि 30 दिसंबर 2025 को रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में पीयूष उर्फ इबरार अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इबरार का शव रेलवे लाइन के पास संदिग्ध हालत में बरामद हुआ था। शुरुआत में मामला संदिग्ध दुर्घटना या किसी अन्य एंगल से जुड़ा हुआ लग रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच ने इस पूरे हत्याकांड की परतें खोल दीं।
ढाई लाख रुपये बने हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक पीयूष उर्फ इबरार अंसारी रामगढ़ जिले के पतरातू का रहने वाला था। उसका पतरातू निवासी समीर अंसारी के साथ पैसों का लेनदेन था। इबरार ने समीर को ढाई लाख रुपये उधार दिये थे । काफी समय बीत जाने के बाद जब इबरार ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
इबरार लगातार समीर पर पैसे लौटाने का दबाव बना रहा था और उसने यह भी कहा था कि अगर जल्द पैसे नहीं मिले तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे। इसी दबाव से बचने और कर्ज लौटाने के बजाय समीर ने इबरार को ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि समीर अंसारी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई। योजना के तहत एक हथियार सप्लायर से पिस्टल की व्यवस्था की गई। इसके बाद 30 दिसंबर को इबरार को किसी बहाने बुढ़मू बुलाया गया। सुनसान जगह पर ले जाकर उसे गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया, ताकि पूरा मामला हादसा या किसी अज्ञात घटना का रूप ले सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके।
चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार सप्लायर भी पकड़ा गया
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि इस मामले में टेक्निकल सेल और ह्यूमन इनपुट की मदद से सबसे पहले मुख्य आरोपी समीर अंसारी को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के बाद उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की आपूर्ति करने वाले सप्लायर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।









